भारत

एशियाई खेलों में भारतीय कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड

SHIDDHANT
26 Sept 2026 7:33 PM IST
एशियाई खेलों में भारतीय कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
x
भारतीय कबड्डी टीम का गोल्डन पंच देश को समर्पित की जीत
Delhi दिल्ली: आइची-नागोया एशियाई खेल 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। इस बड़ी उपलब्धि के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने इस जीत का श्रेय टीम की मेहनत, कोच और पूरे देश के समर्थन को दिया। साथ ही गोल्ड मेडल को भारत के लोगों को समर्पित किया। भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के सदस्य देवांक ने गोल्ड मेडल जीतने के बाद खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह भगवान के बहुत आभारी हैं कि उनका साथ मिला और टीम इतना अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रही। उन्होंने टीम, कोच और कप्तान का भी आभार जताया। देवांक ने कहा कि टीम प्रबंधन ने उन पर भरोसा किया और खेलने का मौका दिया, जिसके कारण वह इस ऐतिहासिक उपलब्धि का हिस्सा बन सके।


देवांक ने कहा कि भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतना बेहद जरूरी था। देश के लोगों को टीम से गोल्ड मेडल की उम्मीद थी और अब इस लक्ष्य को हासिल करने के बाद पूरी टीम बेहद खुश है। उन्होंने अपना गोल्ड मेडल पूरे भारत को समर्पित करते हुए कहा कि देशवासियों की उम्मीदों ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के कप्तान जयदीप ने भी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अपने देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना हर खिलाड़ी का सपना होता है। भारतीय टीम पर देश की उम्मीदों का थोड़ा दबाव जरूर था, लेकिन खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन और वापसी करने की क्षमता पर पूरा भरोसा था।
जयदीप ने कबड्डी को भविष्य में ओलंपिक खेलों में शामिल किए जाने की इच्छा भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी ओलंपिक में जाकर देश का नाम रोशन करना चाहते हैं। कबड्डी में भारत की मजबूत परंपरा रही है और खिलाड़ी चाहते हैं कि उन्हें ओलंपिक जैसे बड़े मंच पर भी देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिले। भारतीय टीम के सुनील कुमार ने गोल्ड मेडल को कड़ी मेहनत का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि टीम ने करीब आठ महीने तक लगातार ट्रेनिंग की थी और खिलाड़ियों को भरोसा था कि उनकी मेहनत का परिणाम जरूर मिलेगा। टीम मैदान पर जीत के इरादे के साथ उतरी थी और आखिरकार गोल्ड मेडल हासिल करने में सफल रही।
सुनील कुमार ने एशियाई खेलों के गोल्ड मेडल को कबड्डी खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि कबड्डी अभी ओलंपिक का हिस्सा नहीं है, इसलिए एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल का महत्व बेहद खास है। उन्होंने भी उम्मीद जताई कि आने वाले समय में कबड्डी को ओलंपिक में शामिल किया जाएगा। भारतीय पुरुष कबड्डी टीम की इस स्वर्णिम सफलता के बाद खिलाड़ियों ने देशवासियों के समर्थन के लिए आभार जताया। लंबे समय की तैयारी और टीम के सामूहिक प्रयास से हासिल गोल्ड मेडल ने भारतीय कबड्डी के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है।
Next Story