सुरक्षित भारत लौटे ईरान के कब्जे वाले कंटेनर शिप में फंसे भारतीय क्रू मेंबर

ईरान। ईरान द्वारा कब्जा किए गए कंटेनर शिप पर सवार भारतीय क्रू मेंबर्स में एक भारत लौट आई हैं. केरल के त्रिशूर की रहने वाली एन टेसा जोसेफ को सुरक्षित भारत लाया गया है. वह कंटेनर शिप पर सवार उन भारतीय क्रू मेंबर्स का हिस्सा थीं, जिन्हें ईरानी कमांडो ने जब्त कर लिया था. इस पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक एक्स पोस्ट में कहा, "मोदी की गारंटी हमेशा देश या विदेश में डिलीवर करती है."
केंद्र सरकार की तरफ से कहा गया है कि तेहरान में भारतीय मिशन कंटेनर जहाज के बाकी 16 भारतीय क्रू सदस्यों के साथ संपर्क में है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत लौटी क्रू सदस्य स्वस्थ्य और भारत में अपने परिवार के सदस्यों के संपर्क में हैं.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने कहा, "केरल के त्रिशूर से भारतीय डेक कैडेट एन टेसा जोसेफ, जहाज एमएससी एरीज पर चालक दल की सदस्य थी जो आज घर लौट आईं." उन्होंने बताया कि ईरान में भारतीय एंबेसी ने ईरानी अधिकारियों के सहयोग से उसकी वापसी की सुविधा मुहैया कराई. बाकी 16 चालक दल के सदस्यों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए मिशन ईरानी पक्ष के संपर्क में है.





