भारत

लद्दाख में चीन से LAC की रक्षा के लिए भारतीय सेना घातक हथियारों से है लैस

Admin2
7 Aug 2021 10:40 PM IST
लद्दाख में चीन से LAC की रक्षा के लिए भारतीय सेना घातक हथियारों से है लैस
x

नई दिल्ली. पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के नजदीक चीन से तनातनी के बीच अब वहां पर तैनात भारतीय सैनिकों को अत्याधुनिक हथियारों से लैस किया जा रहा है, ताकि वे दुश्मनों की किसी भी चुनौती का उचित जवाब दे सकें. दरअसल एलएसी के पास लद्दाख के न्योमा में अग्रिम ठिकानों पर तैनात भारतीय सेना के सैनिकों को अब चीन के साथ सीमा की रक्षा के लिए अमेरिकी सिग सॉयर 716 असॉल्ट राइफल और स्विस एमपी-9 पिस्टल बंदूकों से लैस किया गया है.

भारतीय सेना ने फरवरी, 2019 में अमेरिकी कम्पनी 'सिग सॉयर' से 72 हजार सिग-716 असॉल्ट रायफलें खरीदी थीं. भारत और अमेरिका के बीच फास्ट-ट्रैक प्रोक्योरमेंट (एफटीपी) सौदे के तहत 647 करोड़ रुपये में खरीदे गए असॉल्ट रायफल्स की आपूर्ति दिसम्बर, 2019 में हुई थी. इसे सबसे पहले जम्मू-कश्मीर के उधमपुर स्थित उत्तरी कमान को सौंपा गया था. भारतीय सेना की सभी पैदल टुकड़ियों को कम से कम 50 प्रतिशत सिग सॉयर रायफलें मिली थीं. इसके अलावा एंटी-टेरर ऑपरेशन्स में भी भारतीय सेना इन रायफल्स का इस्तेमाल कर रही है. इन रायफल्स का उपयोग अमेरिका के साथ ही दुनियाभर की करीब एक दर्जन देशों की पुलिस और सेनाएं करती हैं.

Next Story