इंडियन आर्मी का कर्नल गिरफ्तार, 50 लाख की रिश्वत मामले में CBI ने पकड़ा

बंगाल। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भारतीय सेना के एक मौजूदा कर्नल को 50 लाख रुपये के कथित रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी सैन्य अधिकारी की पहचान कर्नल हिमांशु बाली के तौर पर हुई है, जो कोलकाता में ईस्टर्न कमांड के तहत आर्मी ऑर्डनेंस कॉर्प्स में तैनात हैं। कर्नल पर आरोप है कि उन्होंने सेना के टेंडर दिलाने के नाम पर कानपुर की एक कंपनी को फायदा पहुंचाया है।
सीबीआई द्वारा दर्ज एफआईआर के मुताबिक, कर्नल बाली पर कानपुर स्थित फर्म 'ईस्टर्न ग्लोबल लिमिटेड' के निदेशकों से सेना का टेंडर दिलाने के एवज में घूस लेने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि इसी साल की शुरुआत में रिश्वत के बदले इस कंपनी को एक बड़ा टेंडर दे दिया गया था।
एक अधिकारी ने कहा, "उनकी गिरफ्तारी तब हुई जब उनके और चार अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस समूह ने अवैध लाभ के बदले टेंडर हासिल करने और बढ़ा-चढ़ाकर पेश किए गए बिलों को पास कराने के लिए आपस में साठगांठ की थी।" FIR के अनुसार- विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी से पता चलता है कि कर्नल बाली, एक प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर और अन्य लोगों के साथ मिलकर, भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं। इसमें कॉन्ट्रैक्टर और उसकी कंपनी को गलत और गैर-कानूनी फायदे पहुंचाने के बदले गैर-कानूनी रिश्वत की मांग करना और उसे स्वीकार करना शामिल है।
इस मामले की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिन्हें सीबीआई ने एफआईआर में दर्ज किया है। पार्क स्ट्रीट में हुई थी सीक्रेट मीटिंग: जांच में सामने आया है कि 22 अप्रैल को कर्नल हिमांशु बाली ने कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में कंपनी के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी।





