भारत

भारतीय वायुसेना का सुखोई Su-30MKI लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त, क्रैश होने की पुष्टि हुई

Nilmani Pal
6 March 2026 7:04 AM IST
भारतीय वायुसेना का सुखोई Su-30MKI लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त, क्रैश होने की पुष्टि हुई
x

असम। भारतीय वायुसेना (IAF) का एक सुखोई Su-30MKI लड़ाकू विमान गुरुवार रात असम के कार्बी आंगलोंग जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। यह विमान एक नियमित प्रशिक्षण मिशन (ट्रेनिंग मिशन) पर था। वायुसेना के अनुसार, विमान ने असम के जोरहाट से उड़ान भरी थी और शाम करीब 7:42 बजे इसका रडार और ग्राउंड कंट्रोल से संपर्क टूट गया था।

भारतीय वायुसेना द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, यह विमान जोरहाट से लगभग 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग इलाके में दुर्घटना का शिकार हुआ है। वायुसेना ने अपने शुरुआती बयान में कहा था कि विमान तय समय पर वापस नहीं लौटा है। घटना का संज्ञान लेते हुए तुरंत 'सर्च एंड रेस्क्यू मिशन' यानी खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है और फिलहाल इलाके में युद्धस्तर पर तलाश जारी है। विस्तृत जानकारी का अभी इंतजार है।

सुखोई Su-30MKI सिर्फ एक लड़ाकू विमान नहीं है, बल्कि पिछले दो दशकों से यह भारतीय वायुसेना की रीढ़ और भारत की हवाई ताकत का सबसे बड़ा प्रतीक बना हुआ है। 'सुखोई' के बिना आधुनिक भारतीय वायुसेना की कल्पना भी नहीं की जा सकती। 90 के दशक के मध्य में भारतीय वायुसेना को एक ऐसे भारी और लंबी दूरी के लड़ाकू विमान की तलाश थी, जो 'एयर सुपीरियरिटी' (हवाई वर्चस्व) स्थापित कर सके।

30 नवंबर 1996 को भारत ने रूस के साथ 50 सुखोई-30 विमानों की खरीद के लिए 1.46 अरब डॉलर के समझौते पर हस्ताक्षर किए। भारत केवल साधारण सुखोई नहीं चाहता था, बल्कि उसे अपनी जरूरतों के हिसाब से एक उन्नत विमान चाहिए था। यहीं से 'Su-30MKI' का जन्म हुआ। 'MKI' का रूसी भाषा में मतलब है- डर्निजिरोवन्नी कोमर्स्चेस्की इंडिस्की यानी 'आधुनिक व्यावसायिक भारतीय' संस्करण।

Next Story