भारत

समुद्र में भी महंगे खनिजों की खोज पर जोर देगा भारत

Admin Delhi 1
19 Feb 2023 11:41 AM IST
समुद्र में भी महंगे खनिजों की खोज पर जोर देगा भारत
x

दिल्ली: कश्मीर में हाल ही में मिले लिथियम के अकूत भंडार के खजाने से देश में इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए बनाई जाने वाली बैटरियों के लिए पर्याप्त कच्चा माल अब देश में ही उपलब्ध हो जाएगा. इससे सरकार के इलेक्ट्रिक गाड़ियों की संख्या को तेजी से बढ़ाने का सपना पूरा होगा. इसके साथ ही भारत ने समुद्र में भी महंगे और जरूर खनिजों की खोज और खनन पर जोर दिया है. सरकार आने वाले समय में इस सेक्टर को निजी क्षेत्र के लिए भी खोल सकती है. इसके लिए खान मंत्रालय अब अपतटीय क्षेत्र खनिज विकास एवं नियमन अधिनियम, 2002 में संशोधन करने के बारे में विचार कर रहा है.

सरकार की कोशिशों ने अगर सफलता हासिल की तो जल्द ही देश में समुद्री खनिजों की पर्याप्त उपलब्धता संभव हो सकेगी. खान मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज ने कहा कि सरकार निकेल जैसे खनिजों के भंडार की समुद्री क्षेत्र में तलाश में जुटी हुई है और आगे चलकर इन भंडारों की बिक्री भी की जाएगी. खान मंत्रालय ने अपतटीय क्षेत्र खनिज विकास एवं नियमन अधिनियम, 2002 में संशोधन के लिए हितधारकों से इस पर राय मांगी है. भारद्वाज ने उद्योग मंडल सीआईआई (CII) के एक कार्यक्रम में कहा कि 'महत्वपूर्ण खनिजों के बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण होते जाने से ऐसी सोच ने जन्म लिया है कि हम समुद्री क्षेत्र में इनका खनन क्यों नहीं कर रहे. दुर्भाग्यपूर्ण है कि हम समुद्री खनिजों का खनन नहीं कर पा रहे हैं. अब हम इस कानून को संशोधित कर रहे हैं और इस बारे में सभी हितधारक अपनी राय दे सकते हैं.'

खान मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज ने कहा कि खान मंत्रालय समुद्री इलाके में महत्वपूर्ण खनिजों की पहचान करने की कोशिश में लगा हुआ है. इस प्रक्रिया में किसी अन्य पक्ष के शामिल नहीं होने से भारत सरकार इस खनिज भंडार की नीलामी करेगी. खान सचिव ने इसे उद्योग जगत के लिए एक बड़ा मौका बताते हुए कहा कि 'यह एकदम अलग तरह का कारोबारी परिचालन होगा.' गौरतलब है कि तांबा, लिथियम, निकेल, कोबाल्ट और रेयर अर्थ मटेरियल जैसे महत्वपूर्ण खनिज आज की स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकी वाले दौर में बेहद जरूरी हैं. इनका इस्तेमाल पवन चक्कियों से लेकर इलेक्ट्रिक वाहनों तक में होता है. भारद्वाज ने कहा कि एल्युमिनियम एवं अन्य धातुओं की रिसाइक्लिंग (दोबारा इस्तेमाल) भारत को आत्म-निर्भर बनने के लिए बहुत जरूरी है. उन्होंने उद्योग जगत से 'रिसाइक्लिंग' गतिविधियों में भी शामिल होने का अनुरोध किया.

Next Story