
x
Delhi दिल्ली। भारत और ग्रीस ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित विदेश कार्यालय परामर्श (फॉरेन ऑफिस कंसल्टेशन) के 14वें दौर की बैठक में सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर भी सहमति जताई। विदेश मंत्रालय के अनुसार, बैठक की सह-अध्यक्षता भारत की ओर से पश्चिम मामलों के सचिव सिबी जॉर्ज और ग्रीस की ओर से राजनीतिक मामलों के महानिदेशक एंड्रियास फ्रिगानास ने की।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने राजनीतिक और रक्षा संबंधों, व्यापार एवं निवेश, सांस्कृतिक सहयोग तथा लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। दोनों देशों ने माना कि इन क्षेत्रों में सहयोग बढ़ने से भारत-ग्रीस रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी। भारत और ग्रीस ने क्षेत्रीय तथा वैश्विक महत्व के विभिन्न मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। साथ ही सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त प्रयासों को और मजबूत करने पर जोर दिया।
गौरतलब है कि फरवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस की मुलाकात एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुई थी। दोनों नेताओं ने भारत-ग्रीस रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करते हुए व्यापार, रक्षा, सुरक्षा, पर्यटन, संस्कृति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) समेत उभरती तकनीकों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की थी। बैठक में विशेष रूप से भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा (आईएमईसी) के माध्यम से कनेक्टिविटी बढ़ाने और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को जल्द लागू करने पर भी जोर दिया गया था।
प्रधानमंत्री मोदी ने उस दौरान आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में ग्रीस के समर्थन के लिए प्रधानमंत्री मित्सोताकिस का आभार भी व्यक्त किया था। इसके अलावा फरवरी में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने नई दिल्ली में ग्रीक नौसेना प्रमुख दिमित्रियोस एलेफ्थेरियोस कतारस से मुलाकात की थी। इस दौरान समुद्री सुरक्षा, जहाज निर्माण और स्वायत्त रक्षा प्रणालियों समेत कई विषयों पर चर्चा हुई थी। दोनों देशों ने रक्षा सहयोग को और मजबूत करने तथा अपनी रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई थी।
Tagsजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





