भारत
भारत और अमेरिका करेंगे औद्योगिक सहयोग को सुदृढ़ करने पर विशेष फोकस
jantaserishta.com
5 Jun 2023 4:39 PM IST

x
नई दिल्ली (आईएएनएस)| रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार 5 जून को नई दिल्ली में अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों के बीच हुई यह बैठक गर्मजोशी से भरी और सौहार्दपूर्ण रही। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के विषयों की एक महत्वपूर्ण श्रृंखला पर चर्चा की, जिसमें औद्योगिक सहयोग को सु²ढ़ बनाने के तरीकों को चिन्हित करने पर विशेष फोकस किया गया। रक्षा मंत्रालय ने इस संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि दोनों मंत्रियों ने लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं को बनाने के तरीकों का पता लगाया। दोनों पक्ष नई प्रौद्योगिकियों के सह-विकास और वर्तमान तथा नई प्रणालियों के सह-उत्पादन के अवसरों को चिन्हित करेंगे और दोनों देशों के रक्षा स्टार्ट-अप इकोसिस्टम के बीच सहयोग बढ़ाने की सुविधा प्रदान करेंगे। उन्होंने इन उद्देश्यों की दिशा में अमेरिका-भारत रक्षा औद्योगिक सहयोग के लिए एक रोडमैप तैयार किया जो अगले कुछ वर्षों के लिए नीति दिशा का मार्गदर्शन करेगा।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक भारत और अमेरिका दोनों ही पक्षों ने मजबूत और बहुआयामी द्विपक्षीय रक्षा सहयोग गतिविधियों की समीक्षा की और सहयोग की इस गति को बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने हाल ही में डिफेंस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिफेंस स्पेस पर फोकस किये गए उद्घाटन संवादों का स्वागत किया। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने में उनके साझा हितों को देखते हुए क्षेत्रीय सुरक्षा के विषयों पर भी चर्चा की।
भारत और अमेरिका के रक्षा मंत्रियों के बीच हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने और रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव तथा रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) के अध्यक्ष डॉ समीर वी कामत सहित रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत से पहले मंत्री ऑस्टिन को नई दिल्ली में तीनों सेनाओं की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अमेरिकी रक्षा मंत्री दो दिवसीय यात्रा पर 4 जून, 2023 को नई दिल्ली पहुंचे। यह ऑस्टिन की भारत की दूसरी यात्रा है, पिछली यात्रा मार्च 2021 में थी।
Tagsभारतअमेरिकाऔद्योगिक सहयोगलॉयड ऑस्टिनराजनाथ सिंहIndiaAmericaIndustrial CooperationLloyd AustinRajnath Singh
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





