भारत

नेपाल बाढ़ संकट पर भारत सक्रिय पीएम मोदी ने बालेन्द्र शाह से की बात

SHIDDHANT
26 Aug 2026 10:14 PM IST
नेपाल बाढ़ संकट पर भारत सक्रिय पीएम मोदी ने बालेन्द्र शाह से की बात
x
मुश्किल वक्त में भारत बना नेपाल का साथी राहत और बचाव में बढ़ाया मदद का हाथ
Delhi दिल्ली। नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से पैदा हुए हालात के बीच भारत की ओर से मदद की पेशकश पर नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से फोन पर बातचीत कर बाढ़ में हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त की और संकट की इस घड़ी में भारत की ओर से हरसंभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और फ्लैश फ्लड से कई इलाकों में भारी तबाही हुई है। बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने के साथ कई लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। बाढ़ के कारण सड़क, पुल, बिजली और अन्य जरूरी बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। ऐसे मुश्किल हालात में भारत ने नेपाल के साथ खड़े रहने का संदेश दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से बातचीत के दौरान बाढ़ के कारण हुई मौतों पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भारत के लोग नेपाल के अपने भाई-बहनों के साथ एकजुट होकर खड़े हैं। प्रधानमंत्री ने नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही भारतीय टीमें राहत और बचाव अभियान के लिए नेपाल के अधिकारियों के साथ करीबी समन्वय कर रही हैं। भारत की ओर से सहायता का भरोसा मिलने के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। दोनों देशों के बीच पहले से ही मजबूत सामाजिक, सांस्कृतिक और कूटनीतिक संबंध हैं। प्राकृतिक आपदा के समय एक-दूसरे की मदद करना इन संबंधों का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।
भारत ने राहत सहायता को लेकर अपने प्रयासों को आगे भी बढ़ाया है। बुधवार रात भारत ने नेपाल के लिए राहत सामग्री और जरूरी दवाओं की पहली खेप भेजी। यह सहायता भारतीय वायुसेना के सी-130जे विमान के जरिए भेजी गई। यह कदम प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री के बीच बातचीत के कुछ घंटों बाद उठाया गया। नेपाल में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए स्थानीय प्रशासन तथा सुरक्षा एजेंसियां काम कर रही हैं। भारत भी नेपाल के साथ समन्वय कर राहत एवं बचाव प्रयासों में सहयोग कर रहा है।
नेपाल में आई इस आपदा का असर सीमा से लगे भारतीय राज्यों पर भी पड़ सकता है। खासतौर पर बिहार और उत्तर प्रदेश में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन और आपदा राहत एजेंसियों को सतर्क किया गया है। ऐसे में नेपाल की स्थिति पर भारत लगातार नजर बनाए हुए है। नेपाल में जारी संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी की ओर से सहायता का भरोसा और भारत द्वारा राहत सामग्री भेजना दोनों देशों के बीच मानवीय सहयोग की भावना को दर्शाता है। वहीं नेपाल पीएमओ की ओर से जताया गया आभार इस मुश्किल समय में भारत-नेपाल सहयोग को और मजबूत करता है।
Next Story