
x
हरमनप्रीत कौर का बड़ा कारनामा
Dubai दुबई। भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे महिला एशिया कप 2026 के मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इतिहास रच दिया। पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरते ही उन्होंने ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो अब तक महिला और पुरुष दोनों क्रिकेट में कोई खिलाड़ी हासिल नहीं कर सका था। हरमनप्रीत कौर अब दुनिया की पहली क्रिकेटर बन गई हैं, जिन्होंने 150 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में अपनी टीम की कप्तानी की है। यह उपलब्धि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के हाईवोल्टेज मुकाबले में मैदान पर उतरते ही हासिल की।
हरमनप्रीत की इस उपलब्धि ने कई दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है। पुरुष क्रिकेट में एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे बड़े नाम भी टी20 इंटरनेशनल में कप्तानी के मामले में इस आंकड़े तक नहीं पहुंच पाए हैं। पुरुष क्रिकेट में सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड नामीबिया के गेरहार्ड इरास्मस के नाम है, जिन्होंने 91 मुकाबलों में टीम की कप्तानी की है। वहीं महिला क्रिकेट में श्रीलंका की चमारी अटापट्टू 121 मैचों की कप्तानी के साथ दूसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग ने 100 टी20 मुकाबलों में टीम की कमान संभाली है।
हरमनप्रीत कौर भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने कई महत्वपूर्ण टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने बल्लेबाजी के साथ-साथ अपनी नेतृत्व क्षमता से भी टीम को मजबूती दी है। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हमेशा से ही क्रिकेट प्रशंसकों के लिए खास होता है। ऐसे महत्वपूर्ण मैच में हरमनप्रीत का यह रिकॉर्ड बनाना भारतीय क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
Next Story





