
x
वक्फ संपत्तियों पर चली जेसीबी, कमेटी ने दिखाए पुराने दस्तावेज
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में नीलगंगा स्थित वक्फ कब्रिस्तान, दरगाह सैयद बाबा शाही मकबरा और मस्जिद कलंदरी की संपत्तियों पर प्रशासन की ओर से की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शहर काजी खलिकुर्रहमान ने कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब संपत्ति से जुड़ा मामला वक्फ ट्रिब्यूनल में विचाराधीन है, तो अंतिम फैसला आने से पहले कार्रवाई क्यों की गई?
शहर काजी ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने न्यायालय की प्रक्रिया की अनदेखी करते हुए जेसीबी से कब्रों और मजारों को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को कानून के अनुरूप कार्रवाई करनी चाहिए थी। यदि संबंधित संपत्तियों को हटाना आवश्यक था, तो न्यायालय का अंतिम निर्णय आने तक इंतजार किया जाना चाहिए था।
खलिकुर्रहमान ने स्पष्ट किया कि मुस्लिम समाज शहर के विकास और सड़कों के चौड़ीकरण के खिलाफ नहीं है। हालांकि, उन्होंने विकास कार्यों के दौरान धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने मामले को लेकर न्यायालय और हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की बात कही है।
शहर काजी ने बताया कि प्रशासन की ओर से पहले भी कुछ संपत्तियों की सूची भेजी गई थी, जिस पर मुस्लिम समाज ने आपत्तियां दर्ज कराई थीं। उन्होंने प्रशासन से सभी पक्षों के साथ समान व्यवहार करने और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।
वहीं, मुस्लिम नुमाइंदा सोशल वेलफेयर कमेटी ने दावा किया है कि नीलगंगा स्थित कब्रिस्तान, दरगाह और मस्जिद पंजीकृत वक्फ संपत्तियां हैं। कमेटी ने इन संपत्तियों के पंजीयन क्रमांक 1026/959, 1028/961 और 1026/962 बताते हुए 13 सितंबर 1985 को प्रकाशित मध्य प्रदेश के राजपत्र का हवाला दिया है।
कमेटी के मुताबिक, वर्ष 1955 से 1985 तक के सरकारी अभिलेखों में भी इन संपत्तियों का उल्लेख मिलता है। संबंधित जमीन को लेकर रेलवे के साथ वर्ष 1998 से न्यायालय में मामला लंबित होने का भी दावा किया गया है। शहर काजी और कमेटी ने न्यायालय का अंतिम निर्णय आने से पहले की गई कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। अब इस मामले को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ने की तैयारी की जा रही है।
Next Story





