भारत

दिल्ली एनसीआर समेत कई राज्यों में फरवरी में ही मार्च जैसा तापमान

Admin Delhi 1
19 Feb 2023 11:48 AM IST
दिल्ली एनसीआर समेत कई राज्यों में फरवरी में ही मार्च जैसा तापमान
x

दिल्ली: देश में फरवरी महीने में ही मौसम का मिजाज मार्च जैसा हो चला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार देश के सात राज्यों में पारे की चाल मार्च मध्य में रहने वाले तापमान के बराबर है। ओडिशा और हिमाचल प्रदेश में वर्ष 1918 से 2000 के बीच 18 मार्च को रहने वाले तापमान ने फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही अपना रंग दिखा दिया है। इसी तरह गुजरात और राजस्थान में 17, छत्तीसगढ़ में 15, झारखंड 14 और पंजाब में 12 मार्च को रहने वाला अधिकतम तापमान फरवरी में ही दस्तक दे चुका है।

दिल्ली लगातार हो रही गरम: मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इस साल फरवरी में दिल्ली का अधिकतम पारा 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो चुका है। दिल्ली में 17 फरवरी 2006 को अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम पारा 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 21 फरवरी तक ये 14 डिग्री तक जा सकता है।

भुज में टूटा 71 साल का रिकॉर्ड: मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में फरवरी 1963 में पारा 42.7 डिग्री सेल्सियस चला गया था। फरवरी में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कयास लगाया जा रहा है कि महीने के अंत तक 1963 का रिकॉर्ड टूट सकता है। गुजरात के भुज में 71 साल में पहली बार बृहस्पतिवार को पारा 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसी तरह फरवरी में दस दिन राजस्थान के 17 शहरों में पारा 30 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ है।

Next Story