भारत

दामाद के खिलाफ ससुराल वालों ने रची खौफनाक साजिश, रात रुकने किया मजबूर और फिर...

Nilmani Pal
16 April 2024 1:49 AM GMT
दामाद के खिलाफ ससुराल वालों ने रची खौफनाक साजिश, रात रुकने किया मजबूर और फिर...
x
एक हिरासत में

यूपी। देवरिया में एक पत्‍नी ने तड़के तीन बजे अपने पति पर खौलता पानी फेंक दिया। उस वक्‍त पति बेड पर सो रहा था। अचानक खौलता पानी शरीर पर पड़ने से वह बुरी तरह झुलस गया। पति ने इस पर शोर मचाया तो साले-साली और ससुर ने मिलकर उसे पीटा और छत से धक्‍का दे दिया। इससे पति के पैर में चोट आ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने झुलसे युवक को देवरिया मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी पत्‍नी को हिरासत में ले लिया है।

बलिया के सिंकदरपुर थाना के लीलकर के रहने वाले 35 वर्षीय आशीष कुमार राय की शादी पिछले साल 27 मई को देवरिया के बनकटा थाना क्षेत्र के छेरिहवां में अक्षयबर राय के यहां हुई थी। 13 अप्रैल की शाम वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल आए। आशीष का कहना है कि ससुराल वालों ने उनका मोबाइल और मोटरसाइकिल की चाबियां जब्त कर लीं। जब उन्‍होंने चाबियां मांगी, तो उन्होंने कहा कि तुम्हें आज रुकना चाहिए। आशीष ने उनकी बात मान ली और वहीं रुक गए। रात को भोजन के बाद वहीं सो गए। आरोप है कि सुबह करीब तीन बजे पत्‍नी उठी और किचेन में चली गई। वहां साली ने पहले से पानी गर्म कर रखा था। कमरे में वापस लौटते ही पत्‍नी ने आशी के ऊपर खौलता पानी फेंक दिया। अचानक हुए इस हमले से आशीष बुरी तरह तड़पने लगे। वह शोर मचाते हुए छत की ओर भागने लगे तो साली-साले और ससुर ने उन्‍हें पकड़ लिया।

आरोप है कि तीनों ने मिलकर उन्‍हें पीटा। आशीष किसी तरह भाग कर छत पर पहुंचते तो ससुराल वालों ने उन्‍हें छत से नीचे फेंक दिया। इससे उनके पैर में चोट आ गई। आशीष का शोर सुनकर आसपास के लोग वहां जुट गए। उनमें से किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आशीष को अस्‍पताल पहुंचाया।

पत्‍नी ने अपने पति पर खौलता पानी क्‍यों फेंका? पुलिस की इसकी जांच कर रही है। इस बीच दोनों पक्षों की ओर से लोग अपनी-अपनी बात कह रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि प‍त्‍नी को पति पर विवाहेत्‍तर संबंध रखने का शक था। वहीं कुछ का कहना है कि पत्‍नी, पति पर भाई से अलग रहने के लिए दबाव बना रही थी। उसने कुछ समय पहले अपने जेठ पर पिटाई करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर भी दी थी।

Next Story