भारत

महज़ 15 सेकेंड में कुत्ते ने किया ऐसा कारनामा, मची अफरा-तफरी

Shantanu Roy
4 April 2026 7:25 PM IST
महज़ 15 सेकेंड में कुत्ते ने किया ऐसा कारनामा, मची अफरा-तफरी
x
देखें VIDEO...
Indore. इंदौर। जिले के महू क्षेत्र में एक आक्रामक कुत्ते के हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। किशनगंज थाना क्षेत्र के केवटी गांव में हुई इस घटना में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुत्ते की आक्रामकता साफ दिखाई दे रही है। जानकारी के अनुसार, गांव में कुछ लोग घर के बाहर कुर्सियों पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक कुत्ता अचानक वहां पहुंचा और लोगों पर हमला कर दिया। हमले में फारूक, अरमान, शाकिर और मालिक पटेल घायल हो गए। कुत्ता बेहद आक्रामक था और उसने किसी की गर्दन तो किसी के पैर पर काट लिया। मौके पर मौजूद एक युवक ने प्लास्टिक की कुर्सी से कुत्ते को भगाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता पीछे हटने के बजाय लगातार हमला करता रहा।


घटना के बाद घायलों को तुरंत महू के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। डॉक्टरों ने सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए हैं और सावधानी बरतने की सलाह दी है। इस घटना के बाद गांव में डर और आक्रोश दोनों का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन इस पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खतरनाक कुत्तों को जल्द पकड़ा जाए और निगरानी बढ़ाई जाए। इंदौर में डॉग बाइट के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

आंकड़ों के अनुसार, शहर में हर महीने औसतन 4,500 से अधिक डॉग बाइट के मामले सामने आ रहे हैं। वर्ष 2024 में कुल 58,000 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए। फरवरी 2026 में मात्र 28 दिनों में 4,166 लोग कुत्तों के हमले का शिकार हुए। सरकारी अस्पतालों में रोजाना 100 से अधिक लोग एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या, कचरा प्रबंधन में कमी और नसबंदी अभियान की धीमी गति इस समस्या के प्रमुख कारण हैं। यह घटना एक बार फिर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते डॉग बाइट के खतरे को उजागर करती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस दिशा में त्वरित और ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Next Story