भारत
हजारीबाग में पुलिस मुठभेड़ में राहुल दुबे गैंग के गुर्गे अंशु दुबे को पैर में लगी गोली, हथियार के साथ गिरफ्तार
jantaserishta.com
6 Nov 2026 10:49 AM IST

x
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के उरीमारी थाना क्षेत्र के करमाटिला जंगल में गुरुवार देर रात पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के एक सदस्य के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में गिरोह का कथित सक्रिय सदस्य अंशु दुबे (22) घायल हो गया। उसके बाएं पैर में गोली लगी है।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, कारतूस, खोखा, मोबाइल फोन और राहुल दुबे गिरोह के दो पर्चे भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, अंशु दुबे झारखंड के गढ़वा जिले के दुबे मराठिया गांव का रहने वाला है। वह उरीमारी क्षेत्र में हाल में हुई गोलीबारी की घटना में शामिल था।
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर की रात उरीमारी स्थित सैनिक माइनिंग कंपनी के गेट पर तैनात निजी सुरक्षाकर्मी पर गोलीबारी की गई थी। रंगदारी नहीं मिलने पर हुई इस फायरिंग में सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटनास्थल पर राहुल दुबे गिरोह का पर्चा भी फेंका गया था। इस मामले में बड़कागांव (उरीमारी) थाना में 27 अक्टूबर को राहुल दुबे और गिरोह के अज्ञात सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
हजारीबाग के एसपी अमन कुमार ने बताया कि मामले के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी। जांच के दौरान अंशु दुबे की भूमिका सामने आने पर उसे पूछताछ के लिए उरीमारी ओपी लाया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने 26 अक्टूबर की रात हुई गोलीबारी में गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ शामिल होने की बात बताई। उसने घटना में इस्तेमाल हथियार और बचे हुए पर्चे करमाटिला जंगल में छिपाकर रखने की जानकारी भी दी। पुलिस के अनुसार, अंशु दुबे की निशानदेही पर एसआईटी उसे हथियार बरामद करने के लिए जंगल ले गई थी। वहां तलाशी के दौरान उसने अचानक पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और छिपाकर रखे हथियार से पुलिस बल पर गोली चला दी। इसके बाद उरीमारी ओपी प्रभारी ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंशु के बाएं पैर में गोली लगी।
पुलिस ने मौके से 7.62 एमएम की एक पिस्टल, इसी बोर की दो जिंदा गोलियां, एक खोखा, राहुल दुबे गिरोह के दो पर्चे और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम का नेतृत्व एसडीपीओ अमित आनंद कर रहे थे। टीम में बड़कागांव के पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव, कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक और केरेडारी थाना प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
TagsHazaribagh
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





