भारत

शख्स ने तीन बच्चों की हत्या के बाद की खुदकुशी, खबर इलाके में फैली तो लोग रह गए सन्न

jantaserishta.com
16 March 2025 11:30 AM IST
शख्स ने तीन बच्चों की हत्या के बाद की खुदकुशी, खबर इलाके में फैली तो लोग रह गए सन्न
x
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची.
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिला अंतर्गत पीरटांड़ थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी दो नाबालिग बेटियों और एक बेटे की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली। रविवार सुबह इस हृदय विदारक घटना की खबर इलाके में फैली तो लोग सन्न रह गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची।
चारों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर हॉस्पिटल ले जाया गया है। यह घटना महेशलिट्टी गांव की है। मृतकों में 36 वर्षीय सनाउल अंसारी, सनाउल की दो बेटियां आफरीन परवीन (12 वर्ष) और जैबा नाज (8 वर्ष) एवं बेटा सफाउल अंसारी (6 वर्ष) शामिल हैं। सनाउल अंसारी की पत्नी दो दिन पूर्व गिरिडीह जिले के जमदहा गांव स्थित अपने मायके गई थी।
अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना रात दो-तीन बजे के आसपास की है। इसकी जानकारी रविवार की सुबह लोगों को तब हुई, जब रमजान की सेहरी के बाद भी सनाउल के घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने उनके दरवाजे पर दस्तक दी। कोई आवाज न आने पर लोग किसी तरह अंदर घुसे तो सनाउल अंसारी को फांसी पर लटका पाया, जबकि उसके तीनों बच्चे वहीं मृत पड़े थे।
इसकी सूचना तत्काल पीरटांड़ प्रखंड के खुखरा थाने की पुलिस को दी गई। डुमरी के एसडीपीओ सुमित प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सनाउल ने अपने तीन बच्चों की गला दबाकर हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर जान दी है। सनाउल राजमिस्त्री का काम करता था। इसके अलावा वह अपने घर में राशन और कपड़े की छोटी दुकान भी चलाता था। घटना की वजह क्या है, यह पता नहीं चल पाया है।
सनाउल की पत्नी घटना की जानकारी मिलने पर गांव पहुंची है। पुलिस का कहना है कि उससे पूछताछ के बाद शायद घटना की वजह पता चल सकती है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story