भारत

सपा की पहली लिस्ट पर भड़के इमरान मसूद, अखिलेश यादव से बोले- हम सहयोगी हैं, भिखारी नहीं

SHIDDHANT
25 Nov 2026 10:21 PM IST
सपा की पहली लिस्ट पर भड़के इमरान मसूद, अखिलेश यादव से बोले- हम सहयोगी हैं, भिखारी नहीं
x
यूपी में सीटों की लड़ाई तेज, सपा-कांग्रेस में मतभेद उजागर
उत्तर प्रदेश। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर मतभेद सामने आने लगे हैं। गठबंधन की बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि गठबंधन में सहयोगी दलों के सम्मान और आपसी सहमति का ध्यान रखा जाना चाहिए। सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि जब सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है, तब समाजवादी पार्टी को उम्मीदवारों के नाम घोषित करने की जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गठबंधन में सहयोगी बन सकती है, लेकिन भिखारी नहीं।
सपा की पहली सूची में सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर ग्रामीण विधानसभा सीटों पर भी उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। इन सीटों पर कांग्रेस भी अपनी दावेदारी रख रही थी। समाजवादी पार्टी ने बेहट से उमर अली खान और सहारनपुर ग्रामीण से आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया है। इमरान मसूद ने कांग्रेस को 26 सीटें दिए जाने के प्रस्ताव पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल किया कि आखिर उनकी लड़ाई कांग्रेस से है या भाजपा से। मसूद का कहना है कि गठबंधन के सहयोगियों के बीच इस तरह के मतभेद से भाजपा को राजनीतिक फायदा मिल सकता है।
कांग्रेस सांसद ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ राजनीतिक माहौल तैयार करने में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास भी उम्मीदवारों की सूची तैयार है, लेकिन गठबंधन का सम्मान करते हुए पार्टी ने अभी तक उसे सार्वजनिक नहीं किया है। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के नेता उदयवीर सिंह ने कहा कि जिन विधानसभा सीटों पर पार्टी के मौजूदा विधायक हैं, वहां उम्मीदवारों के नाम प्रस्तावित किए गए हैं। उन्होंने सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत जारी रहने की बात कही। इमरान मसूद के बयान के बाद यूपी की राजनीति में गठबंधन के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, दोनों दलों के बीच गठबंधन समाप्त होने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। अब सीट बंटवारे को लेकर दोनों पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व के अगले फैसले पर निगाहें टिकी हैं।
Next Story