
यूपी। इंडिया गठबंधन के दो महत्वपूर्ण घटक कांग्रेस और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्षों की आज बुधवार को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस होगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव होटल ताज में सुबह 10.30 बजे प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। कांग्रेस पार्टी ने सुरक्षा कारणों से तय समय से आधा घंटे पहले प्रेस कांफ्रेंस स्थल पर पहुंचने के लिए पत्रकारों से अनुरोध किया है। पार्टी ने प्रेस कांफ्रेंस में आने वाले पत्रकारों के लिए विशेष पास जारी करने की भी जानकारी दी है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को विक्रमादित्य मार्ग स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय पर लखनऊ लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी तैयारियों की समीक्षा की। कहा कि लखनऊ में पांचवें चरण के तहत मतदान होना है। मतदान में वक्त नहीं बचा है। बूथ कमेटियों को सक्रिय कर दिया जाए। पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि तय करना होगा कि कोई मतदान से न छूटे। वहीं महानगर अध्यक्ष फाकिर सिद्दीकी ने 17 मई को अखिलेश के रोड शो की रूपरेखा बताई।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम नरेन्द्र मोदी का नाम लिये बिना कहा कि उनका काम सिर्फ झूठ बोलना है। उनके झांसे में नहीं आना है। अगर झांसे में आए तो खत्म हो जाएंगे। वे पूरी सत्ता अपने हाथ में लेना चाहते हैं। वे हुकुमशाह बनना चाहते हैं। क्या आपको हुकुमशाह चाहिए? अबकी मोदी जीते तो फिर चुनाव नहीं होगा।





