
x
Uttarakhand उत्तराखंड: आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन और नेतृत्व के बीच तालमेल मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे से पहले मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित रात्रिभोज को राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सरकारी आवास पर आयोजित इस बैठक में पौड़ी गढ़वाल से भाजपा सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार से सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय कुमार मौजूद रहे। मुख्यमंत्री धामी ने सभी नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।
राजनीतिक हलकों में लंबे समय से इन नेताओं के बीच मतभेदों की चर्चाएं चल रही थीं। हालांकि, रात्रिभोज के दौरान हुई चर्चा और नेताओं की मौजूदगी को पार्टी में एकजुटता के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा आलाकमान ने राज्य नेतृत्व को आपसी समन्वय और संगठनात्मक मजबूती बनाए रखने का संदेश दिया है।
बैठक को आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी राज्य में चुनावी तैयारियों को लेकर सक्रिय हो गई है और संगठन स्तर पर लगातार बैठकों का दौर जारी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बैठक से पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच सकारात्मक संदेश जाएगा और भाजपा नेतृत्व चुनाव से पहले किसी भी तरह के अंदरूनी मतभेदों की अटकलों को खत्म करना चाहता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठकों और चुनावी तैयारियों पर विशेष चर्चा होने की संभावना है।
Next Story





