भारत

बंदूक बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी गई, छह गिरफ्तार

jantaserishta.com
20 Nov 2025 4:33 PM IST
बंदूक बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी गई, छह गिरफ्तार
x
बड़ी कार्रवाई.
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले की पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए गांडेय थाना क्षेत्र के मंडरडीह गांव में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
टीम ने मौके से हथियार बनाने वाले छह कारीगरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से बड़ी संख्या में तैयार और अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए गए हैं। इनमें देशी कट्टे, रिवॉल्वर, पिस्टल के पार्ट्स और कई तरह के हथियारों के बैरल एवं कैलिबर सामग्री शामिल हैं।
टीम को मौके से कई मशीनें भी मिली हैं, जिनका उपयोग हथियार निर्माण में किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि यह फैक्ट्री संगठित तरीके से बड़े पैमाने पर अवैध हथियारों का उत्पादन कर रही थी। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह अवैध इकाई काफी समय से इलाके में सक्रिय थी और तैयार हथियारों की सप्लाई झारखंड के कई जिलों के अलावा पड़ोसी राज्य बिहार में भी की जा रही थी। पुलिस को संदेह है कि इस नेटवर्क के तार आपराधिक गिरोहों और अंतरराज्यीय सप्लायर्स से भी जुड़े हो सकते हैं।
गिरफ्तार किए गए सभी छह कारीगर हथियार निर्माण में दक्ष बताए जा रहे हैं। संभावना जताई गई है कि इनके साथ काम करने वाले और भी लोग हैं, जो सप्लाई और फंडिंग के स्तर पर जुड़े हुए हैं। टीम अब इन सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।
गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि मिनी गन फैक्ट्री का संचालन अत्यंत गुप्त तरीके से किया जा रहा था। फैक्ट्री ग्रामीण इलाके की एक बंद पड़ी संरचना में स्थापित की गई थी ताकि किसी को भी इसकी गतिविधियों का अंदाजा न लगे। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद इस नेटवर्क की पूरी श्रृंखला का खुलासा होने की उम्मीद है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story