भारत
अवैध कोयला खदान धंसी, महिला समेत दो की मौत, कई के दबे होने की आशंका
jantaserishta.com
13 Sept 2026 12:44 PM IST

x
मची अफरातफरी.
धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के कतरास में रविवार सुबह अवैध कोयला खदान की चाल धंसने से एक महिला समेत दो लोगों की मौत की सूचना है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे में तीन लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया है, जबकि मलबे में कई और लोगों के दबे होने की आशंका है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसा कतरास के रामकनाली ओपी क्षेत्र के केशलपुर कुम्हारपट्टी में सुबह करीब सात बजे हुआ।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ महिला और पुरुष अवैध सुरंग में कोयला काटने और चुनने गए थे। इसी दौरान सुरंग का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया और कई लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुदाल, गैंता समेत दूसरे साधनों से मलबा हटाने का काम शुरू किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दो लोगों को बाहर निकाला गया लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों में केवटकुली निवासी मुनिया देवी और बेलोंजाबाद निवासी एक व्यक्ति शामिल बताए जा रहे हैं।
तीन घायलों को भी बाहर निकालकर स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि मलबे के नीचे अभी कई और लोग दबे हो सकते हैं। इसी आशंका को देखते हुए राहत और बचाव का काम जारी है। बताया जा रहा है कि इस इलाके की अवैध सुरंगों से निकाले गए कोयले को बाइक के जरिए आसपास के बाजारों में बेचा जाता था। हादसे के समय भी लोग इसी तरह कोयला काटने और चुनने के लिए सुरंग में गए थे।
हालांकि, घटना में दो लोगों की मौत और अन्य लोगों के दबे होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों की जांच और राहत-बचाव अभियान के बाद ही मृतकों और घायलों की संख्या के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





