
x
शाहरुख खान संग कर चुकी हैं फिल्म
मुंबई। बॉलीवुड और टेलीविजन इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री अनीता कंवल इन दिनों काम की कमी और आर्थिक परेशानियों से जूझ रही हैं। 72 वर्षीय अभिनेत्री ने हाल ही में अपनी जिंदगी के संघर्षों को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से उन्हें अच्छा काम नहीं मिल रहा है और अगर यही स्थिति बनी रही तो उनकी जमा पूंजी एक साल के भीतर खत्म हो सकती है।
काम नहीं मिलने से परेशान हैं अनीता कंवल
विक्की लालवानी के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान अनीता कंवल ने बताया कि वह लंबे समय से काम की तलाश में हैं। इसके लिए कई कास्टिंग डायरेक्टर्स से मुलाकात कर चुकी हैं और ऑडिशन भी दे रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई अच्छा अवसर नहीं मिला। अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें पैसे कमाने की जरूरत है। अगर उन्हें आने वाले 10 से 12 साल तक जीवनयापन करना है, तो आर्थिक रूप से मजबूत रहना जरूरी है। उनका घर ही उनकी एकमात्र बड़ी संपत्ति है और उनकी बचत करीब एक साल में खत्म हो सकती है।
बच्चों से आर्थिक मदद नहीं लेना चाहतीं
अनीता कंवल ने बताया कि उनके बच्चे आर्थिक रूप से उनकी मदद करना चाहते हैं, लेकिन वह उनसे पैसे लेना पसंद नहीं करतीं। अभिनेत्री का कहना है कि वह आत्मनिर्भर रहना चाहती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नई पीढ़ी के कई लोग उनके पुराने काम से परिचित नहीं हैं। कई बार उन्हें ऐसे किरदारों के प्रस्ताव मिलते हैं, जो उनकी उम्र और अनुभव के अनुकूल नहीं होते। अनीता ने स्पष्ट किया कि वह काम के लिए भीख नहीं मांग रही हैं, बल्कि अपनी प्रतिभा और अनुभव के आधार पर अवसर चाहती हैं।
शाहरुख खान के साथ कर चुकी हैं काम
अनीता कंवल ने फिल्म 'कभी हां कभी ना' में शाहरुख खान के साथ काम किया था। इस फिल्म में उन्होंने दीपक तिजोरी की मां का किरदार निभाया था। अभिनेत्री के मुताबिक, फिल्म में उनके कई दृश्य अंतिम संस्करण से हटा दिए गए थे। उन्होंने फिल्म 'गंगाजल' को लेकर भी बात की और बताया कि इसकी सफलता के बाद उनकी फीस दोगुनी हो गई थी। अनीता कंवल 'बनेगी अपनी बात', 'शांति' और 'ससुराल गेंदा फूल' जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में अपने अभिनय के लिए पहचानी जाती हैं।
मानसिक सुकून के लिए भी जरूरी है काम
अभिनेत्री ने बताया कि काम पर लौटना उनके लिए केवल पैसे कमाने का जरिया नहीं, बल्कि मानसिक रूप से सक्रिय रहने का माध्यम भी है। फिलहाल वह अच्छे किरदारों की तलाश में हैं और उम्मीद कर रही हैं कि फिल्म या टेलीविजन इंडस्ट्री में उन्हें दोबारा अभिनय का अवसर मिलेगा।
Next Story





