भारत
प्रेमी से शादी की जिद: टावर पर चढ़ी युवती, पुलिस ने मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतारा
jantaserishta.com
12 Sept 2026 4:16 PM IST

x
सांकेतिक तस्वीर
जानें पूरी स्टोरी.
देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया में प्रेमी से शादी करने की जिद एक किशोरी को मोबाइल टावर के सबसे ऊपरी हिस्से तक ले गई. किशोरी टावर पर चढ़ गई और नीचे मौजूद पुलिस और लोगों से साफ कह दिया कि वह अपने प्रेमी के साथ शादी करना चाहती है. टावर की ऊंचाई पर मौजूद किशोरी को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची. लेकिन किशोरी को नीचे उतारना आसान नहीं था.
पहले पुलिस ने खुद को समझाने की कोशिश की. पहचान के लिए ड्रोन कैमरे की मदद ली गई, क्योंकि किशोरी ने अपना चेहरा ढक रखा था. इसके बाद पुलिस ने लाउडस्पीकर और माइक का इंतजाम किया. करीब दो से ढाई घंटे तक कोशिश के बाद आखिरकार पुलिस और स्थानीय लोगों ने किशोरी को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
मामला देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र का है. घटना शुक्रवार की दोपहर की है. लार थाना क्षेत्र के पटनेजी इलाके में सड़क किनारे लगे एक मोबाइल टावर पर एक किशोरी चढ़ गई. देखते ही देखते वह टावर के काफी ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई. नीचे मौजूद लोगों की नजर जब उस पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया. ऊंचे टावर पर किशोरी को देखकर लोगों की भीड़ जुटने लगी.
घटना की सूचना पुलिस को दी गई. लार थाना प्रभारी राकेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. लेकिन किशोरी इतनी ऊंचाई पर थी कि उसे नीचे उतारना पुलिस के लिए चुनौती बन गया. किशोरी ने अपना चेहरा ढक रखा था. ऐसे में पुलिस को उसकी पहचान करने में भी परेशानी हुई. पहचान और स्थिति का पता लगाने के लिए पुलिस ने ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया.
पुलिस लगातार किशोरी से नीचे आने की अपील करती रही. लेकिन वह प्रेमी के साथ शादी करने की मांग पर अड़ी रही. इसके बाद पुलिस ने लाउडस्पीकर मंगवाया. माइक के जरिए किशोरी से बातचीत की गई और उसे समझाने की कोशिश की गई कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसकी मांग से जुड़े मामले में कार्रवाई की जाएगी.
करीब दो से ढाई घंटे तक चले प्रयास के बाद पुलिस किशोरी को समझाने में कामयाब रही. पुलिस ने उसे आश्वासन दिया कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसे सुरक्षित तरीके से नीचे आने के लिए कहा गया. इसके बाद किशोरी आखिरकार टावर से नीचे उतर आई.
टावर से नीचे उतरने के बाद किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह मईल थाना क्षेत्र के गांव के रहने वाले युवक से प्रेम करती है और उससे शादी करना चाहती है. किशोरी का कहना है कि वह उसी युवक के साथ रहना चाहती है. उसने पुलिस को बताया कि उसके परिवार की ओर से युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है. युवक के खिलाफ 30 अगस्त को लार थाने में केस दर्ज कराया गया था और इस मामले में किशोरी का बयान भी दर्ज हो चुका है. अब किशोरी प्रेमी से शादी की मांग कर रही है.
सीओ गौरव सिंह ने बताया कि 11 सितंबर 2026 को लार थाना क्षेत्र में एक युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. सीओ के मुताबिक, स्थानीय लोगों की मदद से युवती को समझा-बुझाकर टावर से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. देवरिया की इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





