भारत

'पंजाब में भाजपा और अकाली दल साथ आए तो सत्ता तक पहुंचना मुश्किल नहीं', रामदास आठवले बोले- गठबंधन पर चल रही बातचीत

jantaserishta.com
11 Sept 2026 1:03 PM IST
पंजाब में भाजपा और अकाली दल साथ आए तो सत्ता तक पहुंचना मुश्किल नहीं, रामदास आठवले बोले- गठबंधन पर चल रही बातचीत
x
अमृतसर: पंजाब में विधानसभा चुनावों से पहले केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच फिर से गठबंधन की वकालत करते हुए कहा है कि इससे राज्य में एनडीए मजबूत होगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने समाचार एजेंसी से कहा, "आम आदमी पार्टी का जाना तय है और यहां एनडीए की सरकार बन सकती है। मेरा व्यक्तिगत रूप से मानना ​​है कि भाजपा और अकाली दल को साथ आना चाहिए।"
आठवले ने कहा, "अनेक सालों तक प्रकाश सिंह बादल और भाजपा एक साथ रहे हैं। दोनों की सत्ता पंजाब में रही। इसलिए मुझे लगता है कि कांग्रेस को रोकने के लिए भाजपा, अकाली दल और आरपीआई (रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया-अठावले) का गठबंधन जरूरी है।"
उन्होंने यह भी बताया कि बातचीत चल रही है। आठवले ने कहा, "अगर दोनों (भाजपा और अकाली दल) साथ आते हैं तो सत्ता तक पहुंचने में मुश्किल नहीं होगी। इसलिए चर्चा चल रही है। आगे देखते हैं कि क्या होगा।"
रामदास आठवले शुक्रवार को पंजाब के अमृतसर पहुंचे। उन्होंने समाचार एजेंसी बताया कि वह अमृतसर में संत निरंजन दास महाराज से मुलाकात करेंगे और इसके बाद लुधियाना के लिए जाएंगे। उन्होंने कहा, "लुधियाना में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया का एक कार्यक्रम है और आने वाले विधानसभा चुनावों के सिलसिले में कई लोग मुझसे यहां मिलने वाले हैं। लुधियाना में इंडस्ट्रियल चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी एक मिलन समारोह आयोजित किया है। मैं अभी अमृतसर से आया हूं। यहां संत निरंजन दास महाराज करने जा रहा हूं।"
वहीं, लुधियाना में बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति के अपमान की घटना पर रामदास आठवले ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि कुछ असामाजिक तत्व समाज में बंटवारा पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। बाबासाहेब अंबेडकर का कद बहुत ऊंचा है। उनकी मूर्ति का अपमान करने से उनका सम्मान कम नहीं होगा। ये लोग गलत कदम उठा रहे हैं। बाबासाहेब अंबेडकर की मूर्ति का अपमान करना पूरी तरह से गलत है।"
आठवले ने पंजाब की कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। आम आदमी पार्टी और भगवंत मान को लोगों ने सत्ता सौंपी थी, लेकिन इन पांच सालों में वे पंजाब की जनता को न्याय नहीं दिला पाए हैं। यहां के किसान, गरीब, युवा, महिलाएं, दलित, सिख समुदाय और हिंदू समुदाय- सभी नाखुश हैं।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story