
x
Saluni. सलूणी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने और चुनावी गारंटियों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अपनी विफलताओं को छिपाने और वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए अब मुख्यमंत्री नए जिले बनाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर राजनीतिक मकसद से जिलों का गठन हुआ तो हम भाजपा सरकार आते ही इसको रिव्यू करेंगे। गलत तरीके और जनभावना के विपरीत विधानसभा क्षेत्रों को जोड़-तोड़ कर जिले बनाए तो कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री को ये महंगा पड़ेगा। वह शनिवार को चुराह व डलहौजी हलके के कोटी व भलेई में आयोजित नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधि सम्मान सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर जिस तरह कांग्रेस और राहुल गांधी अराजकता फैला रहे हैं, उससे यह साफ है कि वह वोटर लिस्ट के शुद्धिकरण के खिलाफ हैं। ईवीएम और वोट चोरी के आरोप को जनता ने नकार दिया है, इसलिए अब कांग्रेस और बौखलाहट में है। राहुल गांधी को कभी चौकीदार चोर तो कभी इलेक्शन कमीशन चोर बोलने की आदत सी हो गई है।
उन्होंने दावा किया कि हाल ही में संपन्न हुए पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों के चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को मिली भारी सफलता से प्रदेश की जनता का राजनीतिक रुझान पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस की नीतियों को नकार दिया है और आगामी विधानसभा चुनावों में राज्य से कांग्रेस का सफाया होना तय है। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने का आग्रह किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने सुक्खू सरकार पर पिछली भाजपा सरकार की लोकप्रिय योजनाओं को बदले की भावना से बंद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गृहिणी सुविधा, शगुन, सहारा, हिमकेयर और स्वावलंबन जैसी योजनाएं, जो गरीब और जरूरतमंद वर्गों के लिए सहारा थीं उन्हें ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। इसके अलावा, चुनाव के समय दी गई 10 गारंटियों और घोषणापत्र के वादों पर भी सरकार ने कोई ठोस काम नहीं किया है। उन्होंने याद दिलाया कि 2017 में भाजपा सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में बुजुर्गों की पेंशन आयु सीमा 80 वर्ष से घटाकर 60 वर्ष की गई थी, जबकि सुक्खू सरकार ने आते ही जनता की मांग पर खुले हजारों संस्थानों को डिनोटिफाई कर दिया। इस दौरान कांगडा-चंबा के सांसद डा. राजीव भारद्वाज, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक सुलह विपिन सिंह परमार, विधायक हंसराज, डीएस ठाकुर, पूर्व विधायक पवन नैयर, जिलाध्यक्ष धीरज नर्याल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story





