भारत

दफ्तर में आग लगी, तो अफसर देंगे जवाब

Shantanu Roy
23 Nov 2026 6:12 PM IST
दफ्तर में आग लगी, तो अफसर देंगे जवाब
x
Shimla. शिमला। सर्दियों में सरकारी कार्यालयों में हीटर और अन्य गर्मी देने वाले उपकरणों के इस्तेमाल के बीच आग लगने की आशंका को देखते हुए हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। अब बोर्ड के हर कार्यालय, सेक्शन और कमरे में आग से बचाव की जिम्मेदारी तय होगी। कार्यालय बंद करने से पहले हीटर, बल्ब, ट्यूब लाइट, व कम्प्यूटर सहित सभी बिजली उपकरण बंद करने होंगे। इसकी पुष्टि के लिए हर सेक्शन और कमरे में फायर ड्यूटी रजिस्टर रखा जाएगा। दिन में सबसे आखिर में कार्यालय छोडऩे वाले अधिकारी या कर्मचारी को इसमें हस्ताक्षर कर प्रमाणित करना होगा कि सभी उपकरण बंद कर दिए हैं। बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (कार्मिक) की ओर से जारी आदेश के अनुसार फील्ड
कार्यालयों में संबंधित
मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता अपने स्तर पर प्रिंसीपल फायर ड्यूटी ऑफिसर और फायर ड्यूटी ऑफिसर नियुक्त करेंगे। बोर्ड सचिवालय में निजी सचिव, निजी सहायक, स्टेनोग्राफर, सेक्शन ऑफिसर, अधीक्षक और शाखा प्रभारी अपने-अपने कमरों के फायर ड्यूटी ऑफिसर होंगे। उन्हें अपने कमरों के साथ संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के बैठने वाले कमरों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी। निर्देशों के तहत फायर ड्यूटी ऑफिसर को कार्यालय छोडऩे से पहले स्वयं यह जांच करनी होगी कि कमरे में इस्तेमाल हो रहे हीटर और अन्य बिजली उपकरण बंद हैं। साथ ही वहां आग पकडऩे वाली कोई दूसरी सामग्री नहीं होनी चाहिए। यदि संबंधित फायर ड्यूटी ऑफिसर छुट्टी पर है, दौरे पर है या किसी अन्य सरकारी काम से बाहर है, तो उसकी जगह काम संभाल रहे अधिकारी या कर्मचारी को यह जिम्मेदारी निभानी होगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन अधिकारियों के साथ निजी सहायक या स्टेनोग्राफर तैनात नहीं हैं, वे स्वयं अपने कार्यालय के फायर ड्यूटी ऑफिसर होंगे। यदि एक कमरे में एक से अधिक अधिकारी बैठते हैं, तो सभी अधिकारी बारी-बारी से इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।
Next Story