भारत
IAS टीना डाबी को बता दिया रील स्टार, अफसर फिर सुर्खियों में आ गईं
jantaserishta.com
22 Dec 2025 9:00 AM IST

x
पढ़ें पूरी खबर.
बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर जिले में जिला कलेक्टर IAS टीना डाबी को लेकर की गई 'रील स्टार' वाली टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया. मुल्तानमल भीखचंद छाजेड़ महिला कॉलेज के बाहर फीस बढ़ोतरी के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के दो छात्र नेताओं को कोतवाली पुलिस ने हिरासत में ले लिया. इसके बाद महिला कॉलेज की छात्राएं कोतवाली थाने पहुंच गईं और वहीं धरना शुरू कर दिया. छात्राओं का आरोप है कि छात्र नेताओं को फीस बढ़ोतरी के विरोध में नहीं, बल्कि टीना डाबी को 'रील स्टार' कहे जाने के कारण गिरफ्तार किया गया. वहीं जिला प्रशासन ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह कार्रवाई कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई थी.
जानकारी के अनुसार, महिला कॉलेज की छात्राएं फीस बढ़ोतरी को लेकर कॉलेज के बाहर प्रदर्शन कर रही थीं. प्रदर्शन में एबीवीपी के छात्र नेता भी शामिल थे. इस दौरान नारेबाजी के बीच जिला कलेक्टर टीना डाबी को लेकर रील स्टार शब्द का प्रयोग किया गया. प्रदर्शन के कुछ समय बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो छात्र नेताओं को हिरासत में ले लिया. गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही कॉलेज की छात्राओं में आक्रोश फैल गया.
छात्र नेताओं को थाने ले जाने के बाद बड़ी संख्या में छात्राएं कोतवाली थाने पहुंचीं और परिसर में ही धरने पर बैठ गईं. छात्राओं ने आरोप लगाया कि टिप्पणी को गलत तरीके से पेश कर कार्रवाई की गई. धरने में शामिल छात्रा हीना खत्री ने कहा कि छात्र नेता ने जिला कलेक्टर को रील स्टार कहा था, लेकिन इसमें कोई आपत्तिजनक या अपमानजनक बात नहीं थी. हीना खत्री के अनुसार, छात्र नेता ने बस इतना कहा कि मैडम रील स्टार हैं. इसमें गलत क्या है? जहां भी सफाई अभियान होता है, वहां मैडम मौजूद रहती हैं और वीडियो बनते हैं. इसमें कोई अपमान नहीं किया गया.
छात्राओं ने प्रशासन के विकास दावों को लेकर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि जिला प्रशासन ‘नवों बाड़मेर’ की बात करता है, लेकिन कॉलेज के आसपास की स्थिति अलग है. छात्रा ने कहा कि कॉलेज की मुख्य सड़क पर कचरा पड़ा रहता है और इस ओर ध्यान दिलाने के लिए ही यह बात कही गई थी.
छात्राओं ने यह भी बताया कि विवाद के दौरान रोल मॉडल को लेकर भी बातचीत हुई थी. उनके अनुसार, कॉलेज में एक शिक्षक ने कहा था कि छात्राओं की रोल मॉडल टीना मैम हैं. इस पर छात्र नेता ने ऐतिहासिक महिला पात्रों का उदाहरण दिया. छात्राओं का कहना है कि इसी बातचीत को जोड़कर मामला बनाया गया.
छात्राओं ने पुलिस की कार्रवाई के समय पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि जब कॉलेज के बाहर धरना चल रहा था, तब कोई गिरफ्तारी नहीं की गई. जैसे ही प्रदर्शन समाप्त हुआ, छात्र नेताओं को हिरासत में ले लिया गया. छात्राओं ने साफ कहा कि जब तक छात्र नेताओं को रिहा नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





