भारत
राजीव गांधी से राजनीति में न आने की लगाई थी गुहार, लेकिन राहुल को नहीं रोका: सोनिया गांधी
jantaserishta.com
10 Nov 2026 5:32 PM IST

x
नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने याद किया कि उन्होंने अपने पति राजीव गांधी से राजनीति में न आने की गुहार लगाई थी, लेकिन जब बात उनके बेटे राहुल गांधी की आई, तो उन्होंने उनका विरोध नहीं किया। उन्होंने अपनी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में यह लिखा है।
एक न्यूज चैनल की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को विश्व स्तर पर जारी हुई अपनी पुस्तक में सोनिया गांधी ने लिखा है कि राहुल की राजनीति में लंबे समय से रुचि थी और वे अपने पिता राजीव गांधी का सम्मान करते थे, क्योंकि उन्होंने 'आसन्न खतरे के बावजूद साहस के साथ राजनीति में कदम रखा था।
सोनिया गांधी ने लिखा कि दो दशक पहले मैंने राजीव गांधी से राजनीति में न आने, खुद को और हम सबको उस खतरनाक दुनिया में न धकेलने की विनती की थी। अब मेरे बेटे की बारी थी और इस बार मैंने विरोध नहीं किया। राहुल ने अपने पिता के अंत को भांप लिया था। इस बात पर उन्होंने अपने पिता से बहस भी की थी। फिर भी, उनके मन में अपने पिता के मूल्यों के प्रति गहरा लगाव और उस साहस के लिए सम्मान था जिसके साथ उन्होंने मंडराते खतरे के बावजूद आगे बढ़ते रहे।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने याद दिलाया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा दोनों का उत्तर प्रदेश के अमेठी निर्वाचन क्षेत्र से एक अमिट संबंध था। राजीव गांधी ने राहुल गांधी को स्कूली दिनों में और बाद में भी कई बार अमेठी ले जाकर ग्रामीण जीवन की कठोर वास्तविकता से अवगत कराया था।
अपनी बेटी के बारे में सोनिया गांधी ने कहा कि प्रियंका गांधी अपने सभी चुनावों के दौरान अमेठी में मौजूद रहीं और पार्टी कार्यकर्ताओं व जनता का दिल जीत लिया, लेकिन उनकी प्राथमिकता अपने छोटे बच्चों की परवरिश और बौद्ध अध्ययन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा की पढ़ाई करना था। राहुल जब भी भारत लौटते, मेरे या अपनी बहन के साथ अमेठी आते थे और वे दोनों ही निर्वाचन क्षेत्र में जाने-माने चेहरे थे। इन्हीं मुलाकातों के दौरान जब वे अंततः भारत लौटे तो राहुल ने खुद को जनता के प्रतिनिधि के रूप में वहां काम करने के लिए प्रेरित पाया।
उन्होंने यह भी बताया कि कैम्ब्रिज में राहुल गांधी की एमफिल की पढ़ाई का विषय विकास अध्ययन था और विदेश में नौकरी करते हुए भी वे भारत की राजनीतिक घटनाओं पर गहरी नजर रखते थे। सोनिया गांधी ने लिखा कि पार्टी उन्हें सक्रिय भूमिका निभाने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही थी, जिसका मतलब उनके जीवन में पूरी तरह से बदलाव लाना था। वे एक सार्वजनिक हस्ती बन जाते, हर कदम पर उन पर नजर रखी जाती और उनका मूल्यांकन किया जाता। उन्होंने 'प्रियंका और मेरे साथ चर्चा और अपने गहन चिंतन के बाद यह निर्णय लिया।
मार्च 2004 में राहुल गांधी ने कहा था कि वह अमेठी से चुनाव लड़ेंगे और उनकी मां पड़ोसी राज्य रायबरेली में चली जाएंगी। उन्होंने गर्व से याद किया कि राहुल गांधी ने अपने पहले चुनाव में शानदार जीत हासिल की थी और राजीव गांधी की तरह ही उत्साहपूर्वक अपनी नई जिम्मेदारी संभाली और ग्रामीण अमेठी में व्यापार और उद्योग लाए।'
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने लिखा कि प्रियंका ने खुद को एक 'सक्षम प्रबंधक' साबित करते हुए अमेठी में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) शुरू किए और महिलाओं को एक-दूसरे का समर्थन करने और बदलाव की वाहक बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





