भारत

मैं आपसे तानाशाही के खिलाफ वोट करने की अपील करती हूं- रोड शो में बोलीं सुनीता केजरीवाल

jantaserishta.com
28 April 2024 7:47 PM IST
मैं आपसे तानाशाही के खिलाफ वोट करने की अपील करती हूं- रोड शो में बोलीं सुनीता केजरीवाल
x
देखें वीडियो

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने पश्चिमी दिल्ली से AAP उम्मीदवार महाबल मिश्रा के समर्थन में पश्चिमी दिल्ली में रोड शो किया। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने रविवार को पश्चिमी दिल्ली से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार महाबल मिश्रा (AAP) के समर्थन में तिलक नगर में रोड शो किया. बता दें कि दिल्ली में गठबंधन समझौते के तहत यह सीट कांग्रेस के खाते में गई है. रोड शो के दौरान सुनीता केजरीवाल कार की रूफटॉप विंडो से लोगों का अभिवादन कर रही थीं और महाबल मिश्रा गाड़ी की छत पर उनके पीछे की ओर पालथी मारकर बैठे थे.

जनता को संबोधित करते हुए सुनीता केजरीवाल ने कहा, 'आपके मुख्यमंत्री शेर हैं और वह किसी से डरने वाले नहीं.' तिलक नगर के AAP विधायक जरनैल सिंह ने सुनीता केजरीवाल के रोड शो पर कहा, 'यह देश तानाशाही से तंग आ चुका है. जेल और तानाशाही का जवाब पूरा देश वोट से देगा. सुनीता केजरीवाल ने यहां सीएम केजरीवाल के लिए जनता से आशीर्वाद लिया और गठबंधन उम्मीदवार के पक्ष में वोट मांगा. पश्चिमी दिल्ली के कोने-कोने से लोग रोड शो में जुटे. बीजेपी भारत को 50 साल पीछे ले गई है. 1 डॉलर की कीमत 100 रुपये के आसपास पहुंचने वाली है.'
तिलक नगर के AAP विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि पहले और दूसरे चरण के चुनाव के बाद भाजपा ने नफरत फैलाना शुरू कर दिया है. दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद से अरविंदर लवली के इस्तीफे के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता कि उनके इस्तीफे के पीछे क्या कारण हैं. लेकिन इस सीट से महाबल मिश्रा अच्छे अंतर से जीतेंगे. इंडिया गठबंधन दिल्ली की सातों सीटें जीतेगा. अगर कोई जाता है तो इससे हम पर कोई असर नहीं पड़ेगा. वह पहले भी कांग्रेस छोड़ चुके हैं.'
बता दें कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली शराब घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग केस में न्यायिक हिरासत के तहत तिहाड़ जेल में बंद हैं. AAP सुप्रीमो की अनु​पस्थिति में उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने दिल्ली में लोकसभा चुनाव के प्रचार का जिम्मा संभाला है. उन्होंने कल उत्तर पूर्वी दिल्ली से अपने उम्मीदवार कुलदीप कुमार के पक्ष में रोड शो किया था. AAP ने दिल्ली में कांग्रेस के साथ 4-3 सीटों के बंटवारे का समझौता किया है. अन्य दो सीटें जहां से पार्टी ने उम्मीदवार उतारे हैं वे हैं नई दिल्ली (सोमनाथ भारती) और दक्षिणी दिल्ली (सहीराम पहलवान).


jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story