भारत

पति का कत्ल, फर्जी लूट और नौटंकी... पुलिस ने ऐसे पकड़ी पत्नी की चालाकी

jantaserishta.com
9 April 2026 2:08 PM IST
पति का कत्ल, फर्जी लूट और नौटंकी... पुलिस ने ऐसे पकड़ी पत्नी की चालाकी
x
फैली सनसनी.
धार: कभी सात फेरे लेकर साथ निभाने की कसमें खाने वाला रिश्ता, एक खौफनाक साजिश में बदल जाएगा, शायद ही किसी ने सोचा होगा. मध्यप्रदेश में धार जिले के एक छोटे से गांव में पत्नी ने ही अपने पति की मौत की कहानी लिख दी, जिसे लूट की वारदात का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन सच्चाई ज्यादा देर छिप नहीं सकी.
धार जिले के गोंदी खेड़ा चारण गांव में हुई इस हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में सामने आया कि प्रियंका ने अपने पति देवकृष्ण पुरोहित से पीछा छुड़ाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी.
जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी कमलेश ने अपने साथी सुरेंद्र को हत्या के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी थी. वैज्ञानिक साक्ष्यों और सख्त पूछताछ के बाद प्रियंका ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी सुरेंद्र की तलाश में जुटी हुई है.
पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के अनुसार, प्रियंका की शादी महज 15 साल की उम्र में हुई थी. बाल विवाह के कारण दोनों अलग-अलग अपने परिवारों के साथ रहते थे. 21 साल की उम्र पूरी होने के बाद प्रियंका को पति के साथ रहने के लिए कहा गया, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी. इसी दौरान उसका प्रेम संबंध कमलेश से हो गया, जो आगे चलकर इस खौफनाक वारदात की वजह बना.
घटना की रात देवकृष्ण और प्रियंका घर में सो रहे थे. उसी दौरान सुरेंद्र ने घर में घुसकर सोते हुए देवकृष्ण के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद घटना को लूट का रूप देने के लिए प्रियंका को बांधकर दूसरे कमरे में छोड़ दिया गया और कुछ समय बाद उसे शोर मचाने के लिए कहा गया. लोगों के जुटने पर प्रियंका ने रोने- धोने का नाटक शुरू कर दिया.
सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए. शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद गहन पूछताछ में पूरी साजिश का खुलासा हो गया. पुलिस ने महज 36 घंटे में प्रियंका और कमलेश को गिरफ्तार कर लिया.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story