
x
पत्नी की हत्या कर ससुर को फोन करने वाला पति फरार
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पारिवारिक विवाद के बीच एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर मोहल्ले में एक व्यक्ति पर अपनी 30 वर्षीय पत्नी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी पति ने कथित तौर पर अपने ससुर को फोन कर बेटी की हत्या करने की जानकारी दी और मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, रसूलपुर निवासी संदीप वर्मा पेशे से ऑटो चालक है। उसकी शादी करीब दस वर्ष पहले सीमा वर्मा से हुई थी। दंपती की सात वर्षीय बेटी भी है। बताया जा रहा है कि संदीप और सीमा ने ग्रीड गंज क्षेत्र में एक प्लॉट खरीदा था। मंगलवार को दोनों प्लॉट देखने गए थे। वहां से लौटने के बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया।
परिजनों के मुताबिक, विवाद के बाद बेटी को ट्यूशन भेज दिया गया। जब बच्ची शाम को घर लौटी तो मकान पर ताला लगा मिला। इसके बाद वह पास में रहने वाली अपनी दादी के घर चली गई। आरोप है कि इसी दौरान संदीप ने सीमा की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने ससुर को फोन करके घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। हत्या के पीछे विवाद की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। वहीं, बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र के चफरिया गांव में भी घरेलू विवाद के दौरान महिला की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे में घर पहुंचे श्यामू ने पत्नी पूनम की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
Next Story





