
x
दिवाली मनाने ससुराल पहुंचा था पति
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दिवाली के मौके पर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां ससुराल में दिवाली मनाने पहुंचे एक युवक ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी पत्नी के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद युवक ने उसी हथियार से अपने गले पर भी वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। यह घटना नागफनी थाना क्षेत्र के दसवां घाट इलाके की है। जानकारी के अनुसार, कटघर थाना क्षेत्र के करूला निवासी तौकीर की शादी दसवां घाट की रहने वाली फरीन से हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय तक प्रेम संबंध रहे थे, जिसके बाद उन्होंने प्रेम विवाह किया था। हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच घरेलू विवाद शुरू हो गए। परिजनों के मुताबिक, तौकीर मजदूरी करता था और अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा शराब पीने में खर्च कर देता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होती थी।
दिवाली मनाने ससुराल पहुंचा था पति
परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह तौकीर दिवाली मनाने के लिए अपनी ससुराल पहुंचा था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन दोपहर करीब दो बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि तौकीर ने कथित तौर पर घर में रखे धारदार हथियार से फरीन के गले पर कई वार कर दिए। हमले के बाद फरीन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद तौकीर ने उसी हथियार से अपने गले पर भी वार कर लिया। कुछ ही देर में दोनों खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। अचानक हुई इस घटना से परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई।
खून से लथपथ मिले पति-पत्नी
वारदात के बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही नागफनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों की निगरानी में दोनों का इलाज चल रहा है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। घायल पत्नी फरीन ने भी पुलिस को घटना के संबंध में जानकारी दी है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह के मुताबिक, मामले की जांच कराई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पति-पत्नी के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और किन परिस्थितियों में मामला हिंसक हो गया। प्रेम विवाह के बाद शुरू हुए घरेलू विवाद ने दिवाली के मौके पर गंभीर हिंसक घटना का रूप ले लिया। फिलहाल पति-पत्नी दोनों अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। पुलिस जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
Next Story





