भारत

पति ने कोर्ट पहुंची पत्नी को मारी गोली

Janta Se Rishta Admin
22 May 2022 1:20 AM GMT
पति ने कोर्ट पहुंची पत्नी को मारी गोली
x
ये है वजह
यूपी। मैनपुरी में भरण-पोषण के मुकदमे में शनिवार को दीवानी न्यायालय तारीख पर जा रही महिला को पति ने रास्ते में घेर लिया। पति ने पत्नी की चोटी पकड़ने के बाद पहली गोली सीने पर मारी लेकिन वह गले के पास लगी। दूसरी गोली चलाई जो कि महिला के पैर में लगी। लहूलुहान होकर महिला सड़क पर गिर गई। महिला को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज सैफई रेफर किया गया है।


जानकारी के मुताबिक फर्रुखाबाद के राजीव गांधी नगर निवासी 32 वर्षीय पुत्री रूबी की शादी वर्ष 2009 में थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव तखरऊ निवासी रत्नेश त्रिपाठी के साथ हुई थी। अनबन के चलते करीब डेढ़ वर्ष पूर्व रूबी दो बच्चों को लेकर मायके आ गई थी। पति के खिलाफ दीवानी न्यायालय में मुकदमा दायर करने के बाद वर्तमान में दिल्ली स्थित बहन के घर रह रही थी. शनिवार को रूबी सुबह साढे़ दस बजे मैनपुरी दीवानी न्यायालय में मामले में तारीख पर जा रही थी। वह ब्लॉक के पास पहुंची तभी सामने से आए पति रत्नेश ने उस पर तमंचे से फायर कर दिया। आरोपी ने महिला को दो गोली मारीं। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर कोतवाली विक्रम सिंह ने आरोपी को तमंचा-कारतूस सहित पकड़ लिया। रूबी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया है।

एसपी अशोक कुमार राय ने बताया कि दंपती के बीच न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। इसी के चलते पति ने वारदात अंजाम दी। तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। मामले में देर शाम पुलिस को पीड़िता रूबी की तहरीर प्राप्त हुई। रूबी ने बताया कि शनिवार को वह दीवानी न्यायालय तारीख पर आई थी तभी पति ने उसे रोक कर उसे दो गोलियां मारीं। न्यायालय में पति से भरण पोषण का वाद चल रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव तखरऊ निवासी रत्नेश करीब डेढ़ साल से अपने दो बच्चों की सुपुर्दगी के लिए प्रयास कर रहा था। पत्नी रूबी द्वारा इसका विरोध किया जा रहा था। इससे आरोपी ने पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की योजना बनाई थी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

Next Story
© All Rights Reserved @ 2023 Janta Se Rishta