पति नेतागिरी स्टाइल में आए नजर, फिर चर्चा में अधिकारी ज्योति मौर्य

यूपी। PCS पत्नी ज्योति मौर्या से अलग होने की खबरों के बीच पंचायती राज विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात उनके पति आलोक मौर्य इन दिनों नए अंदाज में नजर आ रहे हैं. पहले पैंट-शर्ट में दिखने वाले आलोक अब कुर्ता-पायजामा पहनकर लोगों के बीच सक्रिय हैं. उनके मुताबिक, कई लोग उन्हें चुनाव लड़ने की सलाह दे रहे हैं और उन्हें इस तरह के प्रस्ताव भी मिल रहे हैं. पढ़ाई जारी रखते हुए अब वे राजनीति में भी संभावनाएं तलाश रहे हैं.
कुछ समय पहले तक पत्नी से विवाद को लेकर चर्चा में रहे आलोक मौर्य अब एक नए रूप में सामने आ रहे हैं. पहले जहां वे सामान्य तौर पर पैंट-शर्ट में नजर आते थे, वहीं अब उनका लुक पूरी तरह बदल चुका है. सफेद कुर्ता-पायजामा, कंधे पर गमछा और लोगों के बीच सहज मौजूदगी ये सब उनके नए सार्वजनिक व्यक्तित्व का हिस्सा बनते जा रहे हैं. हाल के दिनों में आलोक मौर्य कई जगहों पर लोगों के बीच देखे गए हैं. जहां वे खुद अपना स्वागत करवाते हैं. तो कहीं लोग उन्हें माला पहनाते नजर आते हैं. उनका कहना है कि आसपास के लोग लगातार उन्हें आगे आने और चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं. यही वजह है कि अब वे सिर्फ निजी जीवन तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि समाज और राजनीति में भी अपनी भूमिका तलाश रहे हैं.
आलोक मौर्य खुलकर स्वीकार करते हैं कि वे चुनाव लड़ सकते हैं. हालांकि उन्होंने अभी किसी एक विकल्प पर अंतिम फैसला नहीं किया है, लेकिन साफ संकेत दिया है कि वे राजनीति में कदम रखने को तैयार हैं. उनके मुताबिक, अगर उन्हें किसी भी क्षेत्र से मौका मिलता है, तो वे चुनावी मैदान में उतरने से पीछे नहीं हटेंगे. प्रतापगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों का भी उन्होंने जिक्र किया है, जहां से चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही है.
बीते समय में व्यक्तिगत तनाव और विवादों के चलते आलोक मौर्य की सेहत भी प्रभावित हुई थी. उन्होंने खुद बताया कि पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उन्हें मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ा. कुछ समय पहले वे लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती भी रहे. वहां से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने प्रयागराज में पारंपरिक आयुर्वेदिक उपचार का सहारा लिया. अब वे धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं और सामान्य दिनचर्या में लौट रहे हैं.





