भारत

पति ने पत्नी की हत्या कर शव को जलाया, हड्डियां नदी में फेंकीं, झूठी कहानी रची

jantaserishta.com
1 Oct 2026 6:01 PM IST
पति ने पत्नी की हत्या कर शव को जलाया, हड्डियां नदी में फेंकीं, झूठी कहानी रची
x
आरोपी गिरफ्तार.
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक युवक पर अपनी पत्नी की हत्या कर शव को घर के पीछे बने बाड़े में जलाने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव की हड्डियां आगरा लाकर यमुना में फेंक दीं. इतना ही नहीं, वारदात पर पर्दा डालने के लिए आरोपी खुद थाने पहुंचा और पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज करा दी. लेकिन मायके वालों की शिकायत और पुलिस की जांच के बाद शक गहराता गया और पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया.
मामला अछनेरा थाना क्षेत्र के कुकथला गांव का है. यहां रहने वाले 32 वर्षीय लोकेन्द्र की शादी वर्ष 2022 में सिकंदरा क्षेत्र के अकबरा गांव की रहने वाली 30 वर्षीय चांदनी से हुई थी. दोनों की करीब दो साल की बेटी है.
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को घरेलू विवाद के बाद लोकेन्द्र ने कथित तौर पर चांदनी की हत्या कर दी. इसके बाद शव को घर के पीछे बने बाड़े में टीनशेड के नीचे ले जाकर जला दिया. फिर यमुना में अस्थियां प्रवाहित कर दीं.
आरोप है कि शव जलाने के बाद लोकेन्द्र ने सबूत मिटाने के लिए हड्डियां एकत्र कीं और उन्हें आगरा लाकर यमुना में फेंक दिया. इसके बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर घर में रख दिया, जबकि पत्नी का मोबाइल सिकंदरा थाना क्षेत्र में फेंक दिया. वारदात को छिपाने के लिए आरोपी मंगलवार रात अछनेरा थाने पहुंचा और पत्नी के घर से लापता होने की शिकायत दर्ज करा दी.
इधर, चांदनी के भाई मनोज भी थाने पहुंच गए. उन्होंने बहन के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई और पति व ससुरालवालों पर आरोप लगाए. मायके वालों ने पुलिस को यह भी बताया कि लोकेन्द्र कथित तौर पर चांदनी के साथ अक्सर मारपीट करता था. परिजन लगातार पुलिस से चांदनी का पता लगाने की मांग कर रहे थे.
बुधवार को पुलिस कुकथला गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की. चांदनी की करीब दो साल की बेटी एक दुकान के बाहर खेलती मिली. वहीं घर और आसपास की परिस्थितियां पुलिस को संदिग्ध लगीं. इसके बाद पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच शुरू की.
पुलिस ने लोकेन्द्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की. बुधवार शाम करीब 7 बजे पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो पुलिस के मुताबिक उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली. आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि घरेलू विवाद के चलते उसने चांदनी की हत्या कर दी थी. इसके बाद शव को घर के पीछे बने बाड़े में जला दिया और साक्ष्य मिटाने के लिए हड्डियों को आगरा लाकर यमुना में फेंक दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर यमुना किनारे से हड्डियां और चांदनी का मोबाइल फोन बरामद किया है.
एसीपी अछनेरा शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि थाना अछनेरा पर मनोज ने अपनी बहन के ससुराल ग्राम कुकथला से लापता होने के संबंध में तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी. एसीपी के मुताबिक, गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस ने महिला के पति से पूछताछ की. पूछताछ में उसने घरेलू विवाद के चलते महिला की हत्या करने और शव को घर में जलाने की बात स्वीकार की.
एसीपी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर बताए गए स्थान से शव के अवशेष और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है. घटना कुकथला पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर की दूरी पर बताई जा रही है. पुलिस अब हत्या की वजह, वारदात के पूरे घटनाक्रम और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story