भारत

पति ने की पत्नी और बेटे की हत्या, नहर में फेंकी लाश

Shantanu Roy
2 April 2024 11:58 PM IST
पति ने की पत्नी और बेटे की हत्या, नहर में फेंकी लाश
x
जांच में पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
आगरा। आगरा में पत्नी और डेढ़ साल के बेटे की हत्या कर पति ने दोनों के शवों को नहर में फेंक दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को अरेस्ट कर लिया है। पति की निशानदेही पर पुलिस ने नहर में महिला का शव बरामद कर लिया है लेकिन बेटे का शव नहीं मिला है। पुलिस बेटे के शव की तलाश कर रही है। सिकंदरा के अरसैना में आशीष उर्फ आशिक रहता है। उसकी शादी तीन साल पहले बिहार के किशनगंज में रहने वाली मुन्नी देवी के साथ हुई थी। पति पत्नी में छह महीने से विवाद चल रहा था। अनबन बहुत ज्यादा बढ़ गई थी। पत्नी नाराज होकर अपने मायके चली गई थी। सोमवार शाम को ही मुन्नी अपने बेटे के साथ टूंडला स्टेशन पर उतरी और उसके बाद गायब हो गई। मुन्नी की बड़ी बहन समीरन ने उसे फोन किए, लेकिन बात नहीं हो पाई। समीरन ने मंगलवार सुबह घटना की जानकारी सिकंदरा थाने में जाकर दी। सिकंदरा पुलिस ने बताए गए स्थान से आशिक उर्फ आशीष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आशीष ने बताया कि उसने मुन्नी और अपने बेटे को मार दिया है। मुकदमा फतेहपुरसीकरी में दर्ज हुआ है।
मृतका की बड़ी बहन समीरन ने बताया कि वो अपने परिवार के साथ सालों से बोदला के पास झुग्गी झोपड़ी में रहती है। मजदूरी करती है। छोटी बहन मुन्नी भी सालों से साथ रह रही थी। सब्जी मंडी से सब्जी लेकर घर-घर बेचने का काम करती थी। थाना सिकंदरा के गांव अरसैना निवासी एक व्यक्ति अपने खेत से सब्जी बेचने मंडी में आता था। मेरी बहन से मेलजोल और मुलाकात होने पर मेरे मां-बाप का पता ठिकाना लेकर करीब 3 वर्ष पूर्व किशनगंज बिहार पहुंच गया। अपना नाम आशिक बताया। जुमातन उर्फ मुन्नी से शादी की इच्छा जाहिर की। मां बाप ने मुन्नी को भी बिहार बुला लिया। दोनों की शादी कर दी। शादी के बाद दोनों आगरा में रहने लगे। समीरन का कहना है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही मुन्नी के साथ मारपीट होने लगी थी। बेटा हुआ लेकिन स्थिति नहीं सुधरी। वो कई महीनों से अपने मायके में किशनगंज बिहार में रह रही थी। बताया जा रहा है कि मुन्नी अपने पति को बिहार बुला रही थी। वो जाना नहीं चाहती थी।
आशीष ने पूछताछ में बताया कि मुन्नी के बिहार जाने के बाद उसने दूसरी शादी कर ली थी। मुन्नी को इसकी जानकारी हुई तो वो वापस आने की जिद करने लगी। कहने लगी कि वो साथ रहेगी। आशीष ने उसे ट्रेन से बहाने से टूंडला आने को कहा। आशीष ने सोचा था कि वो भरतपुर में मुन्नी को रखेगा। आशीष पहले वहां काम कर चुका है। मुन्नी टूंडला पर उतरी।. जहां आशीष उसे लेने पहुंचा। वहां से वो उसे लेकर रामबाग पहुंचा। रामबाग से अछनेरा पहुंचा। अछनेरा से फतेहपुरसीकरी पहुंचा। जहां से भरतपुर जाना था। फतेहपुरसीकरी से भरतपुर के रास्ते में दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इस झगड़े में बेटा मुन्नी के हाथ से गिर गया। आशीष ने बड़ी नहर के पास मुन्नी का भी गला दबा दिया और शव को नहर में फेंक दिया। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र दहिया के अनुसार आशिक उर्फ आशीष उर्फ ओमेंद्र लोधी अपनी पत्नी को टूंडला स्टेशन से गाड़ी में बैठाकर भरतपुर की ओर जा रहा था। रास्ते में कहा सुनी एवं मारपीट होने पर पत्नी की हत्या कर दी। शव को नहर में डाल दिया। लापता डेढ़ वर्षीय पुत्र के लिए पूछताछ की जा रही है।
Next Story