भारत

पति ने किया पत्नी की हत्या, शरीर पर छुरा से कई वार

Rani Sahu
10 April 2022 2:49 PM GMT
पति ने किया पत्नी की हत्या, शरीर पर छुरा से कई वार
x
झारखंड की राजधानी रांची में मामूली सी बात पर एक युवक ने अपनी पत्नी की चाकू गोदकर हत्या कर दी

झारखंड की राजधानी रांची में मामूली सी बात पर एक युवक ने अपनी पत्नी की चाकू गोदकर हत्या कर दी। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हज हाउस के समीप रहने वाली शहनाज परवीन को शनिवार को रात दस बजे पति ने छुरे से मारकर जख्मी कर दिया जिसमें उसकी मौत हो गई। शहनाज की गलती इतनी भर थी कि उसने पति मो कारू के साथ रात में ससुराल जाने से इंकार कर दिया था। विदाई नहीं होने से गुस्साए पति ने उसके शरीर पर छुरा से कई वार किए।

पत्नी को घायल करने के बाद पति अपने ससुराल से भाग निकलने में कामयाब रहा। इधर परिवार के सदस्य और पड़ोसी जख्मी शहनाज को इलाज के लिए रिम्स ले गए। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची अरगोड़ा थाना पुलिस ने आरोपी पति मो कारू को सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के गाड़ीखाना पहाड़पुर में उसके आवास के समीप से देर रात को गिरफ्तार कर लिया।
अरगोड़ा के थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि शहनाज ने पेशे से ड्राइवर मो कारू से कुछ माह पहले ही दूसरी शादी की थी। उसके पहले पति मो दानिश की अपराधियों ने हज हाउस के पीछे कुछ समय पहले हत्या कर दी थी। पति की हत्या के बाद शहनाज मो कारू के संपर्क में आई। इसके बाद दोनों ने निकाह कर लिया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी को जेल भेजा जाएगा।


Next Story