भारत

विवाद होने पर सूखे कुएं में कूदा पति, कोई और नहीं पत्नी ने ही बचाई जान

Nilmani Pal
7 March 2024 2:10 AM GMT
विवाद होने पर सूखे कुएं में कूदा पति, कोई और नहीं पत्नी ने ही बचाई जान
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। महिला दिवस से महज दो दिन पहले वीर बुंदेली महिला ने साहस की ऐसी नजीर पेश की, जो मर्दों को आईना दिखा रही है। घर में झगड़ा कर निकला पति गुस्से में 35 फीट गहरे सूखे कुएं में कूद गया। चोट से कराहते हुए कुछ देर में अचेत हो गया। गांव के तमाम मर्द पहुंचे पर गैस रिसाव के डर से कुएं में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सके। देर होती देख सुनीता खुद रस्सी बांध कर उतरी और पति को बचा लाई। इलाके में सुनीता की हिम्मत की चर्चा है। लोग उसे वीर बुंदेली की संज्ञा दे रहे हैं।

कुरारा ब्लाक की ग्राम पंचायत शंकरपुर के मजरा परसी का डेरा निवासी 35 वर्षीय हंस कुमार ने बुधवार सुबह पत्नी सुनीता उर्फ गुड्डो से झगड़ा किया। फिर गुस्से में गांव के बाहर सूखे कुएं में छलांग लगा दी। गांव में शोर मच गया। भीड़ लग गई। हंस कुमार कराहते हुए अचेत हो गया। भीड़ में कोई भी कुएं में उतर कर उसे बचाने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था। भीड़ को लगा कि हंस कुमार कुएं से गैस के रिसाव से अचेत हो गया है। कुएं में बेसुध पड़े पति को देख कर बेचैन हुई सुनीता ने फौरन कुएं में उतरने का फैसला कर लिया।

तीन बच्चों की मां है सुनीता कुरारा। पति को मौत के मुंह से बचा लाने वाली सुनीता तीन बच्चों की मां है। हंस कुमार से उसकी शादी 12 साल पूर्व हुई थी। तीन बीघा जमीन से जब परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हुआ तो सुनीता ने भी मजदूरी करनी शुरू कर दी। सुनीता रोज गांव से कुरारा मजदूरी करने जाती है। आज सुबह भी मजदूरी पर निकलने वाली थी, तभी पति से कहासुनी हुई और पति ने कुएं में छलांग लगा दी। डर नहीं लगा? जवाब में अस्पताल में पति की देख-देख कर रही सुनीता ने कहा- पति खतरे में थे तो डर जाने कहां चला गया। उसकी आंखों की नमी ने बाकी सवालों के जवाब दे दिए। हंस कुमार को इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

ग्रामीणों ने कुएं की जगत पर दो बल्लियां लगाईं। उनमें रस्सी का एक सिरा बांधा। दूसरा सिरा सुनीता को बांध कर उसे कुएं की गहराई में उतारा गया। नीचे पहुंचकर सुनीता ने आनन-फानन एक साड़ी से पति को अच्छी तरह से बांध दिया। ग्रामीणों ने हंस कुमार को खींचना शुरू कर दिया। फिर सुनीता को भी ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे ऊपर खींच लिया। तब तक थाना कुरारा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर योगेश तिवारी ने बताया कि दंपति के कुएं में छलांग लगाने की सूचना मिली थी। बाद में पता चला कि पति कुएं में कूदा था। साहसी पत्नी उसे बचा लाई।

Next Story