भारत

25 लाख की LIC पॉलिसी के लिए पत्नी की हत्या, पति ने रची खौफनाक साजिश

SHIDDHANT
2 Oct 2026 9:10 PM IST
25 लाख की LIC पॉलिसी के लिए पत्नी की हत्या, पति ने रची खौफनाक साजिश
x
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में 30 वर्षीय महिला की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस का दावा है कि यह सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। आरोप है कि महिला के पति ने 25 लाख रुपए की LIC पॉलिसी और अन्य बीमा पॉलिसियों की रकम हासिल करने के लिए पत्नी की हत्या की साजिश रची और तीन लोगों को वारदात के लिए तैयार किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पति और उसके एक सहयोगी की तलाश जारी है।
मामला पाटन थाना क्षेत्र का है। 4 सितंबर को कविता चौधरी स्कूटी से जा रही थी। इसी दौरान एक लोडिंग ऑटो ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल कविता की मौत हो गई। शुरुआत में घटना को सामान्य सड़क हादसा माना गया, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को घटनाक्रम पर संदेह हुआ। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात वाले दिन पाटन के कंतोरा-रानीताल क्षेत्र में कई घंटे तक कविता का इंतजार करते रहे। आरोपियों को उसकी तस्वीर दिखाई गई थी और बताया गया था कि वह लाल रंग की स्कूटी से आएगी। कविता के वहां पहुंचते ही कथित तौर पर लोडिंग ऑटो से उसकी स्कूटी को टक्कर मारी गई।
जांच में पुलिस को पता चला कि कथित साजिश एक दिन पहले यानी 3 सितंबर को तैयार की गई थी। आरोप है कि प्रयास पांडे ने पाटन कोर्ट के बाहर आरोपियों को बुलाया और वहां हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, प्रयास ने अपने सहयोगी मानसिंह लोधी के साथ मिलकर विक्रम चौधरी, रामजी चौधरी और करिया उर्फ धनीराम चौधरी को वारदात के लिए तैयार किया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल लोडिंग वाहन को 11 महीने के एग्रीमेंट पर किराए पर लिया गया था। पुलिस इस वाहन और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, कविता के नाम 25 लाख रुपए की LIC पॉलिसी थी और इसके अलावा अन्य बीमा पॉलिसियां भी थीं। आरोप है कि पति प्रयास पांडे बीमा की रकम और एक्सीडेंटल डेथ क्लेम हासिल करना चाहता था और इसी वजह से उसने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची। कविता पहले एक निजी बीमा कंपनी में काम करती थी। वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात प्रयास पांडे से हुई थी और दोनों ने 2024 में कोर्ट मैरिज की थी। कविता मूल रूप से नरसिंहपुर की रहने वाली थी। पुलिस ने विक्रम चौधरी, रामजी चौधरी और करिया उर्फ धनीराम चौधरी को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी बताए जा रहे पति प्रयास पांडे और उसके सहयोगी मानसिंह लोधी की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Next Story