भारत
साली की शादी में आया था पति, पत्नी की हत्या के बाद खुद को किया घायल
jantaserishta.com
25 Sept 2026 9:08 AM IST

x
जांच जारी.
सहारनपुर: सहारनपुर के नानौता में साली की शादी में शामिल होने मायके आए दंपति के बीच ऐसा विवाद हुआ कि कुछ ही देर में घर में चीख-पुकार मच गई. आरोप है कि पति इरफान ने अपनी पत्नी गजाला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. गजाला गंभीर रूप से घायल हो गई. परिजन उसे लेकर सीएचसी नानौता पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इरफान ने भी खुद को घायल कर लिया. उसकी हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मामला नानौता थाना क्षेत्र के मोहल्ला चामंजिली का है. करीब 30 साल की गजाला की शादी 14 साल पहले कैराना निवासी इरफान से हुई थी. परिजनों के मुताबिक, शादी के इतने साल बाद भी दोनों की कोई संतान नहीं थी. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद होते रहते थे. हालांकि गुरुवार को दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसकी वजह अभी पूरी तरह साफ नहीं है.
गजाला की बहन की शादी 21 सितंबर को हुई थी. इसी शादी में शामिल होने के लिए इरफान भी अपनी पत्नी के साथ आया था. घर में कुछ दिन पहले तक शादी की खुशियां थीं. रिश्तेदार जुटे हुए थे और माहौल उत्सव का था. लेकिन गुरुवार शाम अचानक वही घर चीख-पुकार से भर गया.
गुरुवार को गजाला अपने भाई सुहेल के पंजाब जाने की तैयारी कर रही थी. वह उसके कपड़े बैग में रख रही थी. इसी दौरान इरफान भी घर के ऊपरी कमरे में पहुंच गया. कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. परिजनों के मुताबिक, कुछ देर में विवाद बढ़ गया और इरफान ने गजाला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.
गजाला की चीख सुनकर नीचे मौजूद परिजन दौड़कर ऊपर पहुंचे. तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी. इसके बाद इरफान ने कथित तौर पर खुद को भी घायल कर लिया. परिजन दोनों को लेकर सीएचसी नानौता पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने गजाला को मृत घोषित कर दिया. इरफान की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
घटना की खबर मिलते ही गजाला के मायके में कोहराम मच गया. मां संजीदा, पिता इस्लाम और भाई सुहेल और शोएब का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस घर में कुछ दिन पहले बेटी की शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया. रिश्तेदार और परिवार के लोग गजाला की मौत से सदमे में हैं. घटना की सूचना मिलते ही नानौता थाना प्रभारी विकास चारण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
सीओ गंगोह शैलेन्द्र प्रताप गौतम ने बताया कि नानौता थाना क्षेत्र में इरफान नाम का व्यक्ति अपनी ससुराल आया हुआ था. पारिवारिक विवाद के चलते उसने अपनी पत्नी गजाला के गले पर धारदार हथियार से हमला किया. महिला की अस्पताल में मौत हो गई. आरोपी ने अपने गले पर भी चोट पहुंचाई है और उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया है. मामले में रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. विवाद की असली वजह क्या थी, हमला किस परिस्थिति में हुआ और घटना के दौरान वास्तव में क्या-क्या हुआ, इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद सामने आएंगे.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





