भारत

‘पति किन्नर के साथ चला गया, मुझे दिया तीन तलाक’, तीन बच्चों की मां ने SSP से मांगा इंसाफ

SHIDDHANT
11 Sept 2026 12:14 AM IST
‘पति किन्नर के साथ चला गया, मुझे दिया तीन तलाक’, तीन बच्चों की मां ने SSP से मांगा इंसाफ
x
दहेज प्रताड़ना
Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर। तीन बच्चों की मां ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया और अब वह कथित तौर पर एक किन्नर के साथ चला गया है। महिला ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने के आरोप भी लगाए हैं। उसने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता नाजिया के मुताबिक, वह शामली की रहने वाली है। करीब छह साल पहले उसकी शादी मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आर्यपुरी निवासी इस्तिखार बेग से मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। महिला का कहना है कि शादी के दौरान मायके वालों ने अपनी क्षमता के अनुसार सामान दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष कथित तौर पर अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा।
नाजिया का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। उसके तीन बच्चे हैं और पति से विवाद के बाद वह बच्चों के साथ अपने रिश्तेदार के यहां रह रही है। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति के शादी से पहले से जोया नाम की एक किन्नर से संबंध थे। उसका दावा है कि इससे जुड़े कुछ वीडियो भी उसके पास मौजूद हैं। महिला के मुताबिक, पति कथित तौर पर कई बार किन्नर को घर भी लेकर आया था और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में 2 जून की एक घटना का भी जिक्र किया है। आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष के कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और दुपट्टे से गला घोंटने का प्रयास किया, जिससे वह बेहोश हो गई। नाजिया का दावा है कि बाद में उसके मामा और परिवार के अन्य लोगों की मौजूदगी में पति ने तीन बार तलाक बोलकर रिश्ता खत्म करने की बात कही और उसे घर से निकाल दिया।
महिला का कहना है कि करीब चार महीने से पति ने उससे या बच्चों से कोई संपर्क नहीं किया है। अब उसने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी है और मामले में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल ये आरोप महिला की शिकायत पर आधारित हैं और जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
Next Story