भारत
पति ने मांगा बैग फिर चला गया...सोशल मीडिया प्यार का दर्दनाक अंत
jantaserishta.com
1 Sept 2026 2:07 PM IST

x
जानें स्टोरी.
झांसी: करीब डेढ़ साल पहले सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली. दोनों ने परिवार की सहमति से शादी की और साथ रहने लगे. लेकिन वक्त के साथ रिश्ते में खटास आने लगी. छोटी-छोटी बातों पर विवाद होने लगा और परिवार ने मारपीट के आरोप भी लगाए. रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ. मामला शांत होने के कुछ घंटे बाद पति ने अपना बैग मांगा, कमरे की कुंडी बाहर से बंद की और वहां से चला गया. सुबह दरवाजा खुला तो बिस्तर पर पत्नी की लाश पड़ी थी.
झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आवास विकास इलाके में सुबह सामने आई इस घटना ने सनसनी फैला दी. 27 वर्षीय मृतका की पहचान मध्य प्रदेश के दतिया जिले के इंदरगढ़ निवासी सुधा उर्फ शिवानी वंशकार के रूप में हुई है. शिवानी की मौत के बाद उसके पति यश ठाकुर पर परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं. घटना के बाद से यश फरार है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है. महिला के गले पर चोट का निशान मिला है और पोस्टमार्टम कराया गया है. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.
शिवानी की कहानी करीब डेढ़ साल पहले शुरू हुई थी. परिवार के मुताबिक, सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान ग्वालियर निवासी 28 वर्षीय यश ठाकुर से हुई थी. पहले दोनों के बीच बातचीत हुई. धीरे-धीरे यह बातचीत दोस्ती में बदली और फिर दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए. परिवार को जब उनके रिश्ते की जानकारी हुई तो दोनों ने शादी की इच्छा जताई. यश कपड़ों की दुकान पर काम करता था. परिवार ने दोनों के रिश्ते को स्वीकार कर लिया और करीब डेढ़ साल पहले शिवानी और यश की शादी हो गई. शादी के बाद शिवानी ग्वालियर में पति के साथ रहने लगी. उस वक्त शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि जिस रिश्ते की शुरुआत सोशल मीडिया पर दोस्ती और प्यार से हुई थी, वह डेढ़ साल बाद एक रहस्यमयी मौत तक पहुंच जाएगा.
परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने लगे. शिवानी की बहन मुस्कान का आरोप है कि यश कई बार उसकी बहन के साथ मारपीट भी करता था. विवाद बढ़ने के बाद शिवानी ग्वालियर छोड़कर झांसी आ गई और आवास विकास इलाके में फौजी तिराहा के पास किराए के कमरे में रहने लगी. उसके साथ उसकी बहन मुस्कान और भाई अनिकेत भी रहते थे. हालांकि यश का शिवानी से संपर्क पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था. परिवार के मुताबिक, वह झांसी आता-जाता रहता था.
रक्षाबंधन से एक दिन पहले शिवानी अपने छोटे भाई कपिल को लेकर ग्वालियर गई थी. परिवार के मुताबिक, वहां दो दिन रुकने के बाद वह पति यश के साथ झांसी वापस लौटी. कपिल बाद में गांव चला गया. शिवानी झांसी में रहने लगी और यश का उसके पास आना-जाना जारी रहा. इसके बाद रविवार की रात दोनों के बीच फिर विवाद हो गया. परिजनों के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच शिवानी और यश के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई. आरोप है कि विवाद के दौरान यश परिवार के लोगों के बारे में भी अपशब्द कह रहा था. बात बढ़ी तो पास में रहने वाले मामा संतोष ने दोनों को समझाया और किसी तरह मामला शांत कराया. इसके बाद शिवानी का भाई अनिकेत मामा के घर चला गया. घर में माहौल शांत हुआ तो मुस्कान अपने कमरे में जाकर सो गई. शिवानी और यश दूसरे कमरे में चले गए. लेकिन रात अभी बाकी थी. मुस्कान के मुताबिक, रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच यश ने अपना बैग और उसमें रखा सामान मांगा. मुस्कान ने उसे बैग दे दिया. परिवार का आरोप है कि सामान लेने के बाद यश ने कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी और वहां से चला गया. उस वक्त किसी को अंदाजा नहीं था कि कमरे के अंदर शिवानी किस हालत में है. यश के जाने के बाद कमरे का दरवाजा बाहर से बंद रहा.
सुबह करीब 5 बजे मुस्कान को बाथरूम जाना था. उसने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद था. उसने शिवानी और यश को आवाज लगाई. एक बार नहीं, कई बार. करीब आधे घंटे तक आवाज लगाने के बावजूद कमरे के अंदर से कोई जवाब नहीं आया. परिवार के मुताबिक, दोनों के मोबाइल फोन भी बंद थे. मुस्कान को लगा कि शायद दोनों सो रहे हैं. कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वह वापस सो गई. लेकिन सुबह करीब 9 बजे जब शिवानी का भाई अनिकेत घर पहुंचा, तब कहानी ने भयावह मोड़ ले लिया. कमरे के बाहर कुंडी लगी देखकर अनिकेत ने दरवाजा खोला. अंदर उसकी बहन बिस्तर पर पड़ी थी. अनिकेत ने आवाज लगाई. शिवानी नहीं उठी. उसने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. अनिकेत के मुताबिक, शिवानी के हाथ अकड़े हुए थे और उसके मुंह से खून निकला हुआ दिखाई दे रहा था. इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया. परिजन आनन-फानन में शिवानी को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
शिवानी की बहन मुस्कान ने पति यश पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसका कहना है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होता था और उसकी बहन को परेशान किया जाता था. मुस्कान ने पुलिस को रात की घटनाओं के बारे में भी बताया है. उसके मुताबिक, यश ने रात में बैग मांगा था और बैग देने के बाद कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी थी. हालांकि, परिवार के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सीओ सिटी रामवीर सिंह के मुताबिक, महिला के गले पर चोट का निशान दिखाई दिया है. शरीर के अन्य हिस्सों पर फिलहाल कोई स्पष्ट चोट नहीं मिली है. महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस पति-पत्नी के बीच हुए विवाद, कमरे की परिस्थितियों और परिजनों के बयानों को जांच का हिस्सा बना रही है. घटना के बाद से यश ठाकुर फरार है. पुलिस की टीमें उसकी तलाश कर रही हैं. फिलहाल पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है. ऐसे में जांच का फोकस इस बात पर है कि रात में कमरे के अंदर क्या हुआ और शिवानी की मौत किन परिस्थितियों में हुई. एक तरफ परिवार पति पर गंभीर आरोप लगा रहा है, दूसरी तरफ पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दूसरे तथ्यों का इंतजार कर रही है.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





