भारत

विदेश घुमाने के बहाने मर्डर, पत्नी का कातिल पति अरेस्ट

Nilmani Pal
8 April 2026 6:16 AM IST
विदेश घुमाने के बहाने मर्डर, पत्नी का कातिल पति अरेस्ट
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। कुशीनगर से एक सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। दोस्त के साथ मिलकर पति ने ही योजना के तहत पत्नी की हत्या की थी। शव महराजगंज जिले में ले जाकर फेंक दिया था। पति ने पडरौना लौटने के बाद कोतवाली में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। वजह इतनी भर थी कि पत्नी से उसका छोटी मोटी बातों का लेकर हमेशा विवाद होता था। वहीं, गुमशुदगी की छानबीन करते हुए पडरौना कोतवाली पुलिस हत्या की तह तक पहुंच गयी। मंगलवार पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पडरौना के मुख्य पश्चिमी गंडक नहर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


सीओ सदर डॉ अजय कुमार सिंह ने बताया कि बीते एक अप्रैल को पडरौना कोतवाली में ऋषभ कुमार पटेल निवासी दुदही नगर ने अपनी पत्नी रेनू भारती की गुमशुदगी दर्ज करायी थी। उसने पुलिस को बताया था कि पडरौना स्थित किराये के आवास से रेनू भारती गायब हो गयी। अगले दिन 31 मार्च को अज्ञात महिला का शव निचलौल थाना क्षेत्र में झाड़ियों से बरामद हुआ। उसकी शिनाख्त रेनू भारती के रूप में हुई। मृतका के पिता ने शव की शिनाख्त की। शव के पोस्टमार्टम से पता चला कि उसकी गला दबाकर हत्या की गयी थी। इस अधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। जानकारी मिलने के बाद मृतका के पिता सुरेश की तहरीर पर इस मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया। पुलिस ने पति ऋषभ कुमार पटेल को पकड़ कर कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया। हत्या की कहानी उसने खुद बयां कर दी।

सीओ ने अभियुक्त ऋषभ पटेल से पूछताछ के आधार पर बताया कि उसका अपनी पत्नी रेनू भारती से विवाद चल रहा था। उसने रेनू से वर्ष 2018 में प्रेम विवाह किया था। उसे लेकर पडरौना में किराये का कमरा लेकर रहता था। उसने योजनाबद्ध तरीके से अपने मित्र प्रियांशु सिंह को साथ लेकर पशुपतिनाथ मंदिर (नेपाल) जाने का बहाना बनाया था। 30 मार्च को अपनी कार से ले जाते समय महाराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के गोनहा जंगल में खड्डा के आगे एक सुनसान जगह पर उसने पत्नी रेनू भारती के गले में पड़े दुपट्टे से गला कसकर तथा सिर पर वार करके हत्या कर दी।

दोनों अभियुक्तों ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस ने हत्या के मामले में अभियुक्त पति ऋषभ पटेल व दोस्त प्रियांशु सिंह निवासी वार्ड नंबर 21 जटहां बाजार रोड इंदिरानगर कोतवाली पडरौना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त कार, मोबाइल फोन एवं हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद कर लिया गया है।


Next Story