भारत

तीन बच्चों सहित पति-पत्नी रहस्यमय हालात में मिला मृत, जांच में जुटी पुलिस

Rani Sahu
23 Dec 2021 5:36 PM GMT
तीन बच्चों सहित पति-पत्नी रहस्यमय हालात में मिला मृत, जांच में जुटी पुलिस
x
विकास खंड के घूनी गांव के एक घर में तीन बच्चों सहित पति-पत्नी रहस्यमय हालात में मृत मिले

विकास खंड के घूनी गांव के एक घर में तीन बच्चों सहित पति-पत्नी रहस्यमय हालात में मृत मिले। गृहस्वामी पूर्व में पीआरडी में तैनात था। ग्राम प्रधान की सूचना पर तहसील प्रशासन ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों का विसरा सुरक्षित रखा गया है। फिलहाल, खबर लिखे जाने तक घटना के कारणों का कोई पता नहीं चल पाया है। राजस्व विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

ग्राम प्रधान लखपत सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह जब काफी देर तक दिनेश लाल की गौशाला नहीं खुली तो पड़ोस में रहने वाला महेंद्र लाल उनके घर पहुंचा। महेंद्र ने जैसे ही घर का दरवाजा खोला तो वहां दिनेश की पत्नी वीरा देवी (35), पुत्री नेहा (13), पुत्र अरुण (8) और अक्षय (7) निर्जीव जैसे पड़े थे। महेंद्र ने दिनेश (38) की खोजबीन शुरू की तो वह दूसरे घर के कमरे में पंखे पर रस्सी के सहारे लटका मिला।
महेंद्र ने घटना की सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी। ग्राम प्रधान लखपत सिंह ने घटना की सूचना सुबह करीब आठ बजे घाट तहसील को दी। तहसील से नायब तहसीलदार धीरज राणा की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची। राजस्व उपनिरीक्षक टीएस गुसांई ने बताया कि घटना स्थल पर तीनों बच्चे और पति-पत्नी मृत अवस्था में मिले। मेडिकल टीम द्वारा क्षेत्र में ही शवों का पोस्टमार्टम किया गया। रिपोर्ट मिलने के बाद ही सभी की मौत के कारणों का पता चल पाएगा। ग्राम प्रधान लखपत सिंह ने बताया कि मृतक दिनेश लाल पूर्व में पीआरडी में तैनात था। घटना से सकते में आए गांव वालों ने इसकी गहराई से जांच करने की मांग उठाई है।
जांच के लिए सुरक्षित रखा विसरा
घूनी गांव में एक ही परिवार के तीन बच्चों और पति-पत्नी की मौत के बाद प्रशासन में भी हड़कंप मचा रहा। पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मेडिकल टीम ने गांव में ही शवों का पोस्टमार्टम किया। उपजिलाधिकारी अभिनव शाह और पुलिस उपाधीक्षक धन सिंह तोमर ने घूनी गांव जाकर घटना की स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम अभिनव शाह ने कहा कि घटना को लेकर आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की गई, लेकिन मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। ग्राम प्रधान लखपत सिंह ने बताया कि देर शाम तक पोस्टमार्टम की कार्रवाई हुई। अब शुक्रवार को शवों का दाह संस्कार किया जाएगा।

Next Story