Video कॉल में पति और पत्नी के बीच हुआ विवाद, फिर एक ने कर लिया सुसाइड

यूपी। मुज़फ़्फ़रनगर ज़िले के एक 24 वर्षीय व्यक्ति ने भारत में अपनी नवविवाहित पत्नी के साथ वीडियो कॉल के दौरान सऊदी अरब में आत्महत्या कर ली. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि आस मोहम्मद अंसारी ने 26 अक्टूबर को रियाद स्थित अपने घर की छत से फांसी लगा ली.
वीडियो कॉल के दौरान पत्नी सानिया (21) से उसकी तीखी बहस हुई थी. जिसके बाद मोहम्मद अंसारी ने आत्महत्या कर ली. घटना के बाद उसकी पत्नी ने सऊदी अरब में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को सूचित किया, जो उसके घर पहुंचे और उसे मृत पाया.एक रिश्तेदार, अमजद अली ने कहा कि शव को दफनाने के लिए मुज़फ़्फ़रनगर वापस लाने के प्रयास जारी हैं. परिवार के सदस्यों ने बुधवार को बताया कि इस जोड़े ने इसी साल 7 अप्रैल को भोपा गांव में शादी की थी. अंसारी लगभग ढाई महीने पहले काम के सिलसिले में सऊदी अरब गए था.
परिवार के सदस्यों ने कहा कि घटना को लेकर रियाद स्थित भारतीय दूतावास को सूचित कर दिया गया है और पार्थिव शरीर को वापस लाने के लिए आवश्यक दस्तावेज़ तैयार किए जा रहे हैं. पुलिस ने कहा कि वे मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं, जिसमें वह मुद्दा भी शामिल है जिस पर दंपति के बीच झगड़ा हुआ था.





