भारत
राजा तालाब से मिले सैकड़ों असली वोटर आईडी कार्ड, मचा हड़कंप
Shantanu Roy
5 Oct 2025 10:28 PM IST

x
बड़ी खबर
Chhatarpur. छतरपुर। जिले के बिजावर नगर में शनिवार सुबह एक अजीबोगरीब और गंभीर घटना सामने आई जब राजा तालाब की सफाई के दौरान पानी में सैकड़ों असली मतदाता पहचान पत्र (वोटर कार्ड) पाए गए। ये सभी कार्ड वार्ड नंबर 15 के बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।
तालाब में मिले वोटर कार्ड
सूत्रों के अनुसार, सफाईकर्मी राजा तालाब की सफाई कर रहे थे तभी पानी में एक बैग (पोटली) तैरती हुई दिखाई दी। बैग निकालने पर उसमें करीब 400 से 500 असली वोटर आईडी कार्ड पाए गए। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना तुरंत नगर परिषद और प्रशासनिक अधिकारियों को दी। प्रत्यक्षदर्शी हीरालाल साहू ने बताया, “हमने देखा कि बैग में बहुत सारे वोटर आईडी कार्ड थे। इनमें हमारे परिवार के सदस्य के कार्ड भी शामिल थे।” वहीं मतदाता रितेश अग्निहोत्री ने कहा, “ये सभी कार्ड हमारे वार्ड नंबर 15 के हैं और असली हैं।”
प्रशासन और चुनाव आयोग जांच में जुटे
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह वही वोटर कार्ड हैं जो अब तक नागरिकों को नहीं बांटे गए थे। इस बात पर चिंता जताई जा रही है कि इतनी बड़ी संख्या में वोटर कार्ड तालाब में कैसे पहुंचे और किसने इन्हें फेंका। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। इसके तहत संबंधित BLO (बीएलओ) से पूछताछ की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक बवाल
इस मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष एवं संभागीय प्रवक्ता दीप्ति पांडे ने कहा, “बिजावर की यह तस्वीर राहुल गांधी की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ मुहिम को साफ तौर पर दर्शा रही है। इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।” कांग्रेस जिला अध्यक्ष गगन यादव ने कहा, “छतरपुर जिला भी अब वोट चोरी की घटनाओं से अछूता नहीं रहा। बिजावर विधानसभा क्षेत्र में सैकड़ों वोटर कार्ड तालाब में मिले हैं। जिला प्रशासन और निर्वाचन आयोग को इसकी तत्काल जांच कर स्पष्ट करना चाहिए कि ये कार्ड कहां से आए और किसने फेंके। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी अपना आंदोलन शुरू करेगी।”
विधायक और स्थानीय प्रतिक्रिया
इस घटना को लेकर बिजावर विधायक राजेश (बबलू) शुक्ला से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ओबीसी नेता गयाप्रसाद पटेल ने आरोप लगाया कि बिजावर विधायक चुनाव में धांधली करके जीत हासिल कर चुके हैं, और यह अब छुप नहीं सकता। वहीं नगरवासियों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और दोषियों को जेल भेजने की मांग की है। राजा तालाब से सैकड़ों असली वोटर कार्ड मिलने की घटना ने छतरपुर में चुनावी प्रक्रिया और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और चुनाव आयोग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय नागरिकों और विपक्षी राजनीतिक दलों का कहना है कि इस तरह की घटना से लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदाता विश्वास पर गंभीर असर पड़ सकता है। ऐसे में दोषियों की पहचान और सख्त कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है।
Next Story





