
x
CCTV में कैद हुई घटना
रुद्रपुर। नवरात्रि में जहां एक ओर कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर उनकी पूजा की जाती है, वहीं उत्तराखंड के रुद्रपुर से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। ऊधम सिंह नगर जिले की सिंह कॉलोनी में चर्च के पास खड़ी एक कार के पहिए के नजदीक दो से तीन दिन की नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली। देर शाम बच्ची मिलने की जानकारी फैलते ही इलाके में हलचल मच गई। घटना के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।
कार के पहिए के पास पड़ी थी मासूम
जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने कार के पहिए के पास नवजात बच्ची को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आदर्श चौकी प्रभारी प्रकाश पंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सीओ विभव सैनी के निर्देश पर बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। राहत की बात यह रही कि बच्ची समय रहते सुरक्षित मिल गई।
CCTV फुटेज से खुलेगा राज
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इतनी छोटी बच्ची को कार के पहिए के पास कौन छोड़कर गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। सीओ विभव सैनी के मुताबिक, मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी गई है, ताकि बच्ची की देखभाल और सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा सके।
पुलिसकर्मी ने दिखाई इंसानियत
इस घटना के बीच आदर्श चौकी प्रभारी प्रकाश पंत ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। उन्होंने नवजात बच्ची के लिए नए कपड़े, डायपर और दूध की बोतल की व्यवस्था की। प्रकाश पंत ने बताया कि बच्ची के चेहरे पर मुस्कान देखकर उन्हें बेहद सुकून मिला। उन्होंने कहा कि उस मासूम को देखकर ऐसा महसूस हुआ कि आज उनकी ड्यूटी सफल हो गई।
नवरात्रि के पावन अवसर पर सामने आई इस घटना ने समाज में बेटियों की सुरक्षा और नवजात बच्चों के प्रति जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल बच्ची को छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से मामले की जांच कर रही है।
Next Story





