भारत

भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करी का खुलासा, 2 नाबालिग लड़कियां रेस्क्यू

SHIDDHANT
13 Oct 2026 12:32 AM IST
भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करी का खुलासा, 2 नाबालिग लड़कियां रेस्क्यू
x
नौकरी का झांसा देकर नाबालिग लड़कियों की तस्करी की कोशिश
कोलकाता। भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने मानव तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए मिजोरम की दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बचाया है। इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। इनमें अहमदाबाद निवासी महेश भूरालाल तन्ना (61) और मुजफ्फरपुर निवासी नवीन कुमार (34) शामिल हैं।
एसएसबी के अनुसार, 11 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे पश्चिम बंगाल के पनिटंकी स्थित न्यू ब्रिज पर 41वीं बटालियन की बॉर्डर इंटेलिजेंस टीम ने नेपाल जा रही एक कार को रोका। कार में दोनों आरोपियों के साथ 17 वर्षीय किशोरी सवार थी।
प्रारंभिक पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह महेश तन्ना के साथ खरीदारी और कैसीनो घूमने नेपाल जा रही थी। वह पिछले कुछ समय से सिलिगुड़ी के सालुगाड़ा इलाके में तन्ना के किराए के फ्लैट में रह रही थी। उसे मुंबई और गोवा के स्पा सेंटरों में नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया था।
मामला संदिग्ध लगने पर एसएसबी की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और सहयोगी संस्था कोसी लोक मंच को सूचना दी गई। पूछताछ में तन्ना ने बताया कि मिजोरम के एक एजेंट ने करीब 10 दिन पहले किशोरी को उसके पास भेजा था। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल के डिलीट किए गए फोल्डर से किशोरी और एक अन्य लड़की की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो मिले। इससे यौन शोषण की आशंका सामने आई।
इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस और एनजीओ की टीम ने सालुगाड़ा स्थित फ्लैट पर छापा मारकर दूसरी नाबालिग लड़की को भी सुरक्षित बचाया। दोनों किशोरियों को मेडिकल जांच के लिए खारीबाड़ी ग्रामीण अस्पताल भेजा गया। आरोपियों और जब्त वाहन को खारीबाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Next Story