भारत

प्रधानमंत्री मोदी के कैबिनेट में भारी वैकेंसी, इन 27 नेताओं को जगह मिलने की आशंका

Deepa Sahu
26 Jun 2021 6:26 PM GMT
प्रधानमंत्री मोदी के कैबिनेट में भारी वैकेंसी, इन 27 नेताओं को जगह मिलने की आशंका
x
प्रधानमंत्री मोदी के कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं तेज हो गई है।

प्रधानमंत्री मोदी के कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं तेज हो गई है। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में यह पहला कैबिनेट विस्तार होगा। मोदी सरकार में कई मंत्रियों के पद खाली हैं इसलिए माना जा रहा है कि इस बार होने वाले कैबिनेट विस्तार में सर्बानंद सोनोवाल, सुशील मोदी समेत करीब 27 नेताओं को शामिल किया जा सकता है। उम्मीद जताई जा रही है कि मंत्रिमंडल के फेरबदल में सोशल इंजीनियरिंग का भी ध्यान रखा जाएगा।

कैबिनेट विस्तार की संभावनाओं के बीच कई बड़े नेताओं और पूर्व में राज्यों की कमान संभाल चुके कई दिग्गजों के भी मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना है। कहा जा रहा है कि असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, मध्यप्रदेश के पूर्व कांग्रेसी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा के संगठन महासचिव भूपेंद्र यादव भी केंद्र सरकार में शामिल हो सकते हैं।
इसके अलावा भाजपा प्रवक्ता जफ़र इस्लाम, सांसद वरुण गांधी, राज्यसभा सांसद अनिल जैन, ओडिशा से सांसद अश्विनी वैष्णव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी, उत्तरप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का नाम भी संभावित नेताओं की सूची में शामिल है। माना जा रहा है कि उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा अपनी सहयोगी अपना दल की अनुप्रिया पटेल को भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल कर सकती है।
वहीं इस बार होने वाले कैबिनेट विस्तार में भाजपा की सहयोगी जदयू भी शामिल हो सकती है। जदयू कोटे से आर सी पी सिंह और संतोष कुमार मंत्री बनाए जा सकते हैं। इसके अलावा हाल ही में चिराग पासवान को हटाकर लोजपा के संसदीय दल के नेता बने पशुपति पारस भी मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं। इस बार के मंत्रिमंडल विस्तार में दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे की बेटी और महाराष्ट्र के बीड से सांसद प्रीतम मुंडे को भी मंत्री बनाया जा सकता है।
संभावित कैबिनेट विस्तार में ज्यादा से ज्यादा राज्यों को शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। इसलिए गुजरात से भाजपा अध्यक्ष सी.आर. पाटिल और अहमदाबाद पश्चिम से सांसद किरीट सोलंकी, कर्नाटक से राज्यसभा सांसद राजीव चंद्रशेखर, हरियाणा से सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल, राजस्थान से पूर्व केंद्रीय मंत्री पी.पी. चौधरी, युवा सांसद राहुल कस्वां और सीकर के सांसद सुमेधानंद सरस्वती को शामिल किया जा सकता है। वहीं दिल्ली से सांसद मीनाक्षी लेखी और लद्दाख के सांसद जामयांग त्सेरिंग नामग्याल का नाम भी संभावित मंत्रियों में शामिल है।
Next Story