भारत

होटल मालिक ने ग्राहक को बेरहमी से पीटा, 5 रुपये कम देने पर किया अधमरा

Nil dhankar
12 Sept 2021 7:34 PM IST
होटल मालिक ने ग्राहक को बेरहमी से पीटा, 5 रुपये कम देने पर किया अधमरा
x
वीडियो हो रहा वायरल

ओडिशा में एक होटल मालिक ने महज पांच रुपये कम देने पर एक ग्राहक को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया. खून से लथपथ युवक को दो लोगों ने दिनदहाड़े 45 रुपये की जगह 40 रुपये देने पर बेरहमी से पीटा जिसका वीडियो अब वायरल हो गया. मामला ओडिशा के केंदुझार का है जहां पोदाखमाना गांव में जितेंद्र देहुरी नाम का शख्स होटल में खाना खाने गया था. खाने के बाद जब बिल चुकाने की बारी आई तो देहुरी के पास 45 रुपये की जगह 40 रुपये ही था. 5 रुपये कम देने पर होटल संचालक भड़क गया और वहीं उसकी पिटाई शुरू कर दी. पीड़ित चाय की दुकान चलाता है.

जानकारी के मुताबिक कथित तौर पर जितेंद्र देहुरी शनिवार को दोपहर करीब 3:00 बजे 'मां होटल' में दोपहर का भोजन करने गए थे, दोपहर का भोजन करने के बाद उन्होंने काउंटर पर बिल के बारे में पूछताछ की, होटल के मालिक मधु साहू ने कहा कि 45 रुपये बिल है, मालिक ने जितेंद्र को 100 रुपये पिछला बकाया भी चुकाने के लिए कहा. जितेंद्र के पास उस वक्त सिर्फ 40 रुपये थे. उसने तर्क दिया कि चावल, दाल की एक प्लेट और सब्जी की थोड़ी मात्रा की कीमत 45 रुपये कैसे हो सकती है, उसने कहा, अभी उसके पास केवल 40 रुपये हैं और वह 5 रुपये की शेष राशि का भुगतान पहले से लंबित बकाये राशि के साथ कर देगा.

इस पर होटल मालिक और उसका बेटा नाराज हो गया और जितेंद्र को उसी समय 5 रुपये का भुगतान करने के लिए कहा. तीनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और इसके बाद होटल संचालक और उसके बेटे ने मिलकर जितेंद्र को बुरी तरह पीट दिया जिससे वो घायल हो गया.केंदुझार के एसपी मित्रभानु महापात्र ने बताया कि इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है और आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है. एससी, एसटी अधिनियम के तहत भी केस दर्ज किया गया है.

Next Story